गोंडा से पंजाब भेजी गई मदद:रेलवे से भेजी गई 5 टन खाद्य सामग्री, डीएम ने रेलवे के अधिकारियों को सौंपी
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन गोंडा से पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी गई। सत्य सरोज फाउंडेशन ने गोंडा रेलवे स्टेशन से 5 टन खाद्य सामग्री भेजी है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और फाउंडेशन की अध्यक्ष वर्षा सिंह ने रेलवे स्टेशन के पार्सल घर पर पहुंचकर सामग्री सौंपी। जहां आज देर रात्रि में यह राहत सामग्री को दो ट्रेनों के माध्यम से लुधियाना भेजा जाएगा। वहां लुधियाना स्टेशन पर पहुंच कर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता इस खाद्य सामग्री को रिसीव करेंगे और इस बाढ़ पीड़ितों के बीच लेकर के जाएंगे। अलग-अलग स्थान पर बाढ़ पीड़ितों के बीच इसका वितरण करेंगे। सत्य सरोज फाउंडेशन ने गोंडा जिले में मुहिम चलाकर यह खाद्य सामग्री एकत्रित की है जिसे आज पंजाब के लिए भेजा गया है। 2 तस्वीरें देखिए… गोंडा जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने इस पहल की सराहना की। कहा कि आज नवरात्रि का पहला दिन शुरू हो रहा है और आज ही एक बड़ी पहल करते हुए इतनी बड़ी सामग्री भेजी गई है जिससे पंजाब के लोगों को काफी फायदा होगा। सत्य सरोज फाउंडेशन की अध्यक्ष वर्षा सिंह ने बताया कि पंजाब में बाढ़ की स्थिति विकट है। स्थानीय लोगों की मदद से एकत्रित की गई सामग्री रात में ट्रेन से भेजी जाएगी। ABVP के कार्यकर्ता गांवों में जाकर इसका वितरण करेंगे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply