गोंडा के नहर में मिला व्यक्ति का शव:खिरिया माइनर नहर में गिरने से युवक की मौत, सिर पर चोट के निशान मिले

गोंडा के वजीरगंज-झिलाही मार्ग पर भगोहर के पास खिरिया माइनर नहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बभनी गांव के कमल सिंह (55) के रूप में हुई। वह जमलापुर बाजार में गैस सिलेंडर की दुकान चलाते थे। ग्राम पंचायत बभनी प्रधान वृजनाथ सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे कमल सिंह जमलापुर बाजार से स्कूटी से घर लौट रहे थे। खिरिया माइनर नहर के पुल पर स्कूटी मोड़ते समय वह एप्रोच से टकराकर नहर में गिर गए। उन्होंने बताया कि नहर से शव को निकालने के बाद मृतक के सिर पर चोटों के निशान देखा गया। स्थानीय लोगों ने नहर के पास गिरी स्कूटी देखकर ग्राम प्रधान और परिजनों को सूचना दी। झाड़ियों में फंसा मिला शव थाना प्रभारी यशवंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रात करीब एक बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन शव का पता नहीं लगा सके। गुरुवार सुबह बभनी गांव के पास नहर में झाड़ियों में फंसा शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसओ यशवंत सिंह ने बताया कि युवक नहर पर बैठा था। युवक पुल से नहर में गिर गया। स्कूटी और चप्पल पुल पर मिला। सीओ डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतक के परिवार में 25 वर्षीय पुत्र राजा सिंह और दो विवाह योग्य पुत्रियां हैं। पिता की मृत्यु की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर