गाज़ियाबाद में महिला उद्यमियों ने दिखाया हुनर:70 से अधिक स्टॉल्स पर फैशन, ज्वेलरी और स्टार्टअप की चमक

महिला सशक्तिकरण की झलक इस बार गाज़ियाबाद में देखने को मिली जब यहां दो दिवसीय प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। इस प्रदर्शनी में दिल्ली-NCR और आसपास के जिलों की महिलाओं ने अपने हुनर और आत्मनिर्भरता की कहानी को स्टॉल्स के ज़रिए पेश किया। यहां महिलाओं के लिए कपड़े, ज्वेलरी, जूते, होम डेकोर और फैशनेबल एसेसरीज़ एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी में लोगों की भारी भीड़ यह दिखाती है कि महिलाएं अब केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़े स्तर पर उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान बना रही हैं। हापुड़ की रहने वाली यशी की कहानी खासतौर पर लोगों को प्रेरित करती है। यशी शुरुआत में एक नौकरी करती थीं। लेकिन नौकरी से उन्हें संतुष्टि नहीं मिली। उन्होंने सोचा कि क्यों न अपने हुनर को खुद का काम बनाकर आगे बढ़ाया जाए। यशी ने बताया मैंने तय किया कि मैं खुद का स्टार्टअप शुरू करूंगी और साथ ही दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दूंगी।आज मेरे पास पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के कपड़े हैं। हर डिजाइन मैंने खुद बनाई है। जब लोग मेरे कपड़े पहनकर खुशी जताते हैं तो मुझे गर्व महसूस होता है।यशी कहती हैं कि उनका सपना है कि आने वाले समय में और भी महिलाएं उनके साथ जुड़ें और आत्मनिर्भर बनें। आयोजक प्रियंका ने बताया कि इस प्रदर्शनी में 70 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। सभी स्टॉल महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए हैं, जिनमें हाथ से बनी वस्तुएं, बुटीक के कपड़े, आभूषण और सजावट का सामान शामिल है। महिलाएं कोलकाता, सहारनपुर, हापुड़, दिल्ली, पंजाब और जयपुर से आई हैं और अपने-अपने डिज़ाइनर आइटम लेकर यहां पहुंची हैं। अंकिता भटनागर की कहानी भी अलग और प्रेरणादायक है। नोएडा की रहने वाली अंकिता ने इंग्लैंड में 10 साल तक होटल में ऊंची पगार वाली नौकरी की। लेकिन भारत की बदलती तस्वीर देखकर उन्होंने वापस लौटने का फैसला किया और गाज़ियाबाद में एंटीक ज्वेलरी का स्टार्टअप शुरू किया। अंकिता का मानना है कि “आज महिलाएं भारत में सुरक्षित और सक्षम महसूस करती हैं। अब हमें विदेश जाने की ज़रूरत नहीं, बल्कि अपने देश में रहकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।”

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Do20JU9