क्रॉप सर्वे के दौरान सांप काटने से किसान की मौत:हाथ की उंगली पर दो बार डसा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में डिजिटल फसल सर्वेक्षण के दौरान सांप काटने से एक किसान की मौत हो गई। 57 वर्षीय राजेंद्र नाथ वर्मा को इलाज के लिए अयोध्या ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। यह घटना देर शाम तिरुखा बुजुर्ग पचपेडिया गांव में हुई, जब राजेंद्र नाथ वर्मा धान की कटाई के बाद डिजिटल फसल का सर्वेक्षण कर रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उनकी हाथ की उंगली पर काट लिया। सांप काटने के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अयोध्या के श्रीराम अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। छपिया पुलिस ने मृतक राजेंद्र नाथ वर्मा के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि की है। राजेंद्र नाथ वर्मा अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके मझले भाई चंद्रभान वर्मा सुल्तानपुर के करौंदी थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं, जबकि सबसे छोटे भाई अनिल वर्मा हैं। उनके परिवार में पत्नी सुशीला, बेटी गुड़िया और दो बेटे रमाकांत व कमलाकांत हैं। राजेंद्र नाथ वर्मा खेती-किसानी और कभी-कभी डिजिटल फसल सर्वेक्षण का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/qMh0zwW
Leave a Reply