कौशांबी में व्यक्ति की पिटाई, वीडियो वायरल:पूर्व VHP नेता पर आरोप, 8 नामजद समेत 15 अज्ञात पर केस

कौशांबी जिले में एक व्यक्ति की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 30 सितंबर को मंझनपुर कोतवाली के जिला पंचायत चौराहे पर हुई। वीडियो में विश्व हिंदू परिषद से निकाले गए एक पूर्व नेता और उसके साथियों द्वारा अभिमन्यु उर्फ बब्लू ओझा नामक व्यक्ति को पीटते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि चाय की दुकान पर अभिमन्यु को लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा गया। इस मारपीट में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को हमलावरों से छुड़ाकर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि पीड़ित अभिमन्यु ने वेद प्रकाश सत्यार्थी और अवधेश शुक्ला की गतिविधियों को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। इसी बात को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री पद से हटाए गए वेद प्रकाश सत्यार्थी, जो अब खुद को कौशांबी जिला संयोजक हिन्दू रक्षा समिति का बताते हैं, ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिमन्यु की पिटाई की।
पीड़ित अभिमन्यु उर्फ बब्लू ओझा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 सितंबर को दोपहर 1 बजे वह मंझनपुर जिला पंचायत गेट के पास बैठा था। तभी वेद प्रकाश सत्यार्थी, अवधेश शुक्ला, पुष्पेन्द्र पाण्डेय, शिवम पाण्डेय, दीपक मौर्या, वीरेन्द्र दिवाकर, सर्वेश पटेल और यशवंत यादव सहित 15 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में सदर डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 8 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/gVrpBuP