कुशीनगर में बाघ ने बच्चे पर हमला किया:सिर में दांत धंसा, शोर मचाने पर गन्ने की खेत में भागा
कुशीनगर जिले के खड्डा तहसील के शिवपुर गांव में एक बाघ ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला किया। शनिवार शाम की घटना में पूर्व ग्राम प्रधान रामकलप का पुत्र अंकुर घायल हो गया। अंकुर कुछ बच्चों के साथ ढबोल नाले की पुलिया पर था। गन्ने के खेत से अचानक निकले बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। अन्य बच्चे शोर मचाते हुए भाग गए। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही बाघ खेतों की तरफ भाग गया। घायल अंकुर को सोहगीबरवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। घटनास्थल शिवपुर पुलिस चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे इन गांवों में बाघ अक्सर शिकार की तलाश में आते हैं। पिछले कुछ दिनों में एक लड़की और कुछ मवेशी बाघ का शिकार हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गन्ने के खेतों और आसपास के जंगलों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ी है। वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने और गांव की सुरक्षा की मांग की है। खेतों में काम करने वाले किसानों और बच्चों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply