कुल्हाड़ी से घायल महिला की 4 दिन बाद मौत:कानपुर देहात में पुलिस ने मरने से पहले दर्ज की FIR

कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में 7 अक्टूबर को एक महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। चार दिन तक चले इलाज के बाद 11 अक्टूबर को महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला की मौत से कुछ ही देर पहले इस मामले में एफआईआर दर्ज की। जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी जगत सिंह की पत्नी सुकरातिन 7 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे एक एक समारोह से लौट रही थीं। गांव के ही धर्म सिंह उर्फ छोटा, सोबरन और प्रताप सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर घात लगाकर हमला किया। धर्म सिंह ने कुल्हाड़ी से सुकरातिन के सिर पर वार किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं। हमले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की और न ही घायल का मेडिकल कराया। परिजन सुकरातिन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया। कानपुर के हैलेट अस्पताल में इलाज के दौरान 11 अक्टूबर को सुकरातिन की मौत हो गई। पुलिस को महिला की गंभीर हालत की जानकारी मिलने के बाद, उनकी मौत से कुछ ही देर पहले संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। मृतका के पति जगत सिंह ने बताया कि हमलावर दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज में व्यस्त होने के कारण समय पर पुलिस को सूचना नहीं दे पाने की बात कही। थाना प्रभारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/OvK2IPi