किसानों ने अफसर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, VIDEO:बांदा में भागने लगे तो मारे कई थप्पड़, 2 घंटे नेशनल हाईवे जाम किया
बांदा में किसानों ने ADCO (सहायक विकास अधिकारी) को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। लोगों ने पहले एडीसीओ को घेरा, तो वह टेबल से कूदकर बाहर जाने लगे। इस पर किसानों ने कॉलर पकड़कर उन्हें खींचा। इसके बाद एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। फिर नेशनल हाईवे पर विरोध प्रदर्शन किया। करीब 2 घंटे तक हाईवे जाम कर दिया। किसानों ने ADCO पर खाद की ब्लैक मार्केटिंग और अव्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- 250-250 रुपए लेकर खाद देने का वादा किया था। बाद में बताया कि उनके टोकन और पासबुक गायब हो गए हैं। इसी बात पर लोग गुस्सा हो गए। इसके बाद किसानों ने अधिकारी को पीट दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही SP और SDM मौके पर पहुंचे। उनके काफी समझाने के बाद किसान शांत हुए। किसानों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी। हालांकि, एसडीएम ने किसी भी तरह की मारपीट से इनकार किया है। अब पढ़िए पूरा मामला… शुक्रवार की सुबह 6 बजे से बांदा मुख्यालय के सहकारी खाद विक्रय केंद्र पर किसान टोकन लेने के लिए लाइन में लग गए। टोकन बटने लगा। पासबुक के लिए 250 रूपए फीस और खतौनी और आधार कार्ड जमा कराया गया। ये प्रक्रिया दोपहर के 2 बजे तक चली। बाद में उन्हें बताया गया कि उनके टोकन और पासबुक गायब हो गए हैं। इसके बाद किसान आक्रोशित हो उठे। यहीं पर बबेरू में तैनात ADCO दिलीप कुमार की ड्यूटी भी लगी थी। 2 बजे जब ADCO वहां से जाने लगें तो किसानों ने उनसे खाद के बारे में पूछा। ADCO ने बताया कि आधे घंटे में उन्हें खाद मिलनी शुरू हो जाएगी। लेकिन किसान इससे संतुष्ट नहीं हुए। किसान अधिकारी से पैसे मांगने लगे
ADCO को जाता हुआ देख किसान नाराज हो गए। उन्होंने ADCO को घेर लिया। उनसे कहासुनी शुरू कर दी। ब्लैक मार्केटिंग और अव्यवस्था का आरोप लगाने लगे और दिलीप कुमार से 250 रूपए मांगने लगे। चारों तरह से घिरे दिलीप कुमार टेबल पर चढ़कर कूदे और वहां से निकले की कोशिश करने लगे। इतने में गुस्साए किसानों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। किसानों ने ADCO को कई थप्पड़ मारे। हालांकि, कुछ किसानों ने बीच-बचाव किया। किसानों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी
ADCO को पीटने के बाद किसानों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। वो नारेबाजी और हंगामा करने लगे। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर नमन मेहता, एएसपी, सीओ माविश टॉक, सीओ अभिषेक राजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम और अधिकारियों के काफी समझाने के बाद किसान मानें और करीब 4 बजे हंगामा बंद हुआ। हालांकि, किसानों ने खाद ना मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है। एसडीएम सदर नमन मेहता ने बताया कि शहर में पर्याप्त खाद उपलब्ध है। मंडी समिति में मेंबर का अभियान चल रहा है, जिसमें खतौनी और आधार की वजह से लाइन ज्यादा हो गई थी। हमें सूचना मिली तो हम वहां पहुंचे और किसानों को समझाया। वहीं, जब मारपीट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। शांतिपूर्ण तरीके से खाद किसानों को दी गई है।
———————————– यह खबर भी पढ़ें… योगी बोले- रवि किशन विदेशी घड़ी पहनते हैं:बात स्वदेशी की करते हैं, गोरखपुर में मंत्री ने कहा- इनकी दुकान नाच रही गोरखपुर में CM योगी ने स्वदेशी मेले में रविकिशन की विदेशी घड़ी को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी बोलने से कुछ नहीं होगा। इसे अपनाना भी होगा। इसी बीच शुक्रवार को मेले का शुभारंभ करने के बाद सीएम ने रविकिशन को बुलाकर अपने बगल की कुर्सी पर बैठाया। रविकिशन के करीबी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया- सांसदजी ने ऑडेमार्स पिगुएट (Audemars Piguet) की घड़ी पहनी थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FKTHA5P
Leave a Reply