कान्हा की नगरी गोकुल में निकली भगवान श्रीराम की बारात:झांकियों और पुष्प वर्षा से गूंजा शहर, श्रद्धालु हुए भावविभोर
मथुरा के गोकुल में चल रही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामलीला के तहत शुक्रवार देर रात भगवान श्रीराम की बारात निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न हाथी व घोड़ों पर सवार होकर जनकपुरी के लिए प्रस्थान किए। बैंड-बाजे और मंगल गीतों के साथ बारात का नगर में उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में स्थानीय लोग इसमें शामिल हुए और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भक्तिभाव प्रकट किया। श्रद्धालुओं ने नाश्ते-गेट लगाकर बारातियों का सत्कार किया। बारात में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल थीं। इनमें भगवान श्रीराम के साथ हनुमान, जामवंत और अन्य पात्रों की झलक ने लोगों को आकर्षित किया। भगवान श्रीराम के स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। गोकुल की गलियों में बारात के दौरान लगातार “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। रामलीला समिति के अध्यक्ष संजय दीक्षित, विनय शर्मा, लड्डू उपाध्याय, अवधेश पाठक, दीपक सभासद, राम शर्मा, रासबिहारी और तरुण शर्मा के नेतृत्व में बारात का आयोजन हुआ। समिति ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। गोकुल की ऐतिहासिक गलियों से निकली यह राम बारात भक्तों के लिए एक अविस्मरणीय आयोजन बन गई।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/1lQJadM
Leave a Reply