कानपुर में रात का पारा 16°C, सामान्य से 5.5°C कम:अक्टूबर का सबसे कम तापमान दर्ज, मानसून वापसी से ठंड शुरू

कानपुर में अक्टूबर के पहले पखवाड़े में रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जिससे रात में ठंडक का अहसास हुआ। यह इस सीजन का अक्टूबर का सबसे कम तापमान रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में यह गिरावट आई है। उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिमी मानसून की पूरी तरह वापसी के बाद बादलों की आवाजाही रुक गई है, जिससे दिन और रात दोनों समय आसमान साफ बना हुआ है। हालांकि, दिन का तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से केवल 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण दिन के पारे में अधिक गिरावट नहीं आई। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि धीरे-धीरे दिन के तापमान में भी कमी आएगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आसमान साफ रहेगा और रात में हल्की सर्दी का अहसास जारी रहेगा। प्रदेश से मानसून की वापसी हो चुकी है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/BesJoVq