कानपुर देहात में यमुना घाट पर उतराता मिला शव:पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, दो दिन से था लापता युवक

कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित पिचौरा गांव के यमुना घाट पर शनिवार देर रात एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र के नौरी राजपुर निवासी 29 वर्षीय माधव सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार को पिचौरा गांव के पशुपालक मुकेश ने यमुना नदी के घाट पर शव उतराता देखा। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर इसकी सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर परिजनों को सूचित किया गया। मृतक के बड़े भाई मुनेश ने बताया कि माधव गुरुवार को नौरी गांव स्थित यमुना नदी के घाट पर बकरियां चराने गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने स्थानीय थाने में उसके लापता होने की सूचना भी दी थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। राजपुर थाना प्रभारी सनत कुमार ने जानकारी दी कि परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/qv6eOur