कांग्रेस का ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान:भाजपा पर लगाया चुनावी धांधली का आरोप, बैनर पर सिग्नेचर कराए
उन्नाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। यह अभियान शहर के आवास विकास में एक विशाल बैनर लगाकर शुरू किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता तन्यमय श्रीवास्तव ने इस अभियान की शुरुआत की। तन्यमय श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि यह अभियान भाजपा पर चुनावों में हेराफेरी करने और जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर सत्ता में आने के आरोपों के विरोध में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की अहम भूमिका होती है। इस अभियान के तहत स्थानीय नागरिक, युवा और पार्टी कार्यकर्ता बैनर पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। इसका उद्देश्य जनता की आवाज को सीधे जनता से ही बुलंद करना है। श्रीवास्तव ने कहा कि जब तक भाजपा चुनावी ईमानदारी पर उठ रहे सवालों के घेरे से बाहर नहीं आती, तब तक कांग्रेस और आम जनता का यह विरोध अभियान जारी रहेगा। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ जैसे नारों के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार को जनता की नाराजगी का सीधा संदेश देना चाहते हैं। अभियान की शुरुआत होते ही कांग्रेस कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। युवाओं ने नारेबाजी की, और कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी बैनर पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है और अब लोग बदलाव चाहते हैं। तन्यमय श्रीवास्तव ने दावा किया कि यह अभियान केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में जिले के हर ब्लॉक और गांव में ऐसे हस्ताक्षर अभियान चलाए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस मुहिम से जोड़ेंगे। उनका मानना है कि लाखों हस्ताक्षर जुटने पर यह साबित हो जाएगा कि जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से पूरी तरह उब चुकी है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/S0e1Uq6
Leave a Reply