करवा चौथ पर बुजुर्ग दंपति ने जहर खाकर की आत्महत्या:बुलंदशहर में पति ने पत्नी को दिया जहरीला पदार्थ, रोज होता था झगड़ा
अतरौली कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर बढ़ेरा गांव के एक बुजुर्ग दंपति ने शुक्रवार को रामघाट में गंगा किनारे जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय पूरन सिंह और उनकी 70 वर्षीय पत्नी चमेली देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दंपति में अक्सर झगड़ा होता था। शुक्रवार सुबह भी उनमें कहासुनी हुई थी। इसके बाद पूरन सिंह अपनी पत्नी को गंगा स्नान के बहाने सुबह करीब आठ बजे घर से रामघाट ले गए। लगभग सुबह 10 बजे, दोनों ने रामघाट पर गंगा किनारे बाजार के पास जहर का सेवन कर लिया। बताया जाता है कि पूरन सिंह ने पहले चमेली देवी को जहर दिया और फिर खुद भी खा लिया। जहर खाने के बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी और वे अचेत होकर वहीं गिर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल रामघाट पुलिस को सूचना दी। रामघाट थाना प्रभारी यंग बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पूरन सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल चमेली देवी को अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। रामघाट थाना पुलिस ने पूरन सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया है। दंपति के बेटे अशोक गाजियाबाद में नौकरी करते हैं, जबकि बेटी पुष्पा का विवाह हो चुका है। गांव में उनके साथ पुत्रवधू राजकुमारी, नाती विद्या सागर, निर्भय और नातिन कृष्णा रहते थे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/7v43tK6
Leave a Reply