करवाचौथ पर प्रयागराज के बाजारों में उमड़ी रौनक:मेहंदी और खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़, देर रात तक सजा बाजार
करवाचौथ के एक दिन पहले प्रयागराज का बाजार रौनक से गुलजार नजर आया। सिविल लाइंस, कटरा, चौक और अन्य प्रमुख बाजारों में सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर महिलाएं करवाचौथ की तैयारियों में जुटी रहीं। सुबह से ही बाजारों में मेहंदी लगवाने और पार्लर में सजने-संवरने के लिए महिलाओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। सिविल लाइंस की सड़कों पर तो जैसे मेहंदी का मेला लग गया। कोई अपने पति के नाम की मेहंदी रचा रही थी, तो कोई दूल्हा-दुल्हन की डिजाइन बनवा रही थी। मेहंदी डिजाइनर विकाश सिंह ने बताया कि इस बार बेल, मोर, अरेबिक, फुल हैंड फ्लोरल और गुजराती छाप वाली मेहंदी की खूब डिमांड रही। पत्थर गिरजाघर के पास मेहंदी डिजाइनर ज्योति सरोज के अनुसार, महिलाएं सुबह से देर रात तक लाइन में लगकर मेहंदी लगवा रही थीं। फ्लावर स्टाइल, राजस्थानी, मोर और गोल टीका वाली डिजाइन इस बार की खास पसंद रही। करवाचौथ को सुहाग और प्रेम का प्रतीक माना जाता है, इसलिए इस त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। बाजारों में कपड़े, गहने और पूजा की थालियों की खरीदारी जोरों पर रही। सराफा बाजार में भी भीड़ रही। महिलाओं ने सोने-चांदी की नथ, अंगूठी, पायल और बिछिया की जमकर खरीदारी की। हल्के वजन वाले चांदी के करवे ज्यादा बिके, वहीं राजस्थानी और मीनाकारी डिजाइन के करवे भी खास पसंद किए गए। ज्वेलरी शोरूम में आम दिनों के मुकाबले गुरुवार को कहीं ज्यादा चहल-पहल रही। दुकानदारों के अनुसार, करवाचौथ के मौके पर हर बार की तरह इस बार भी बाजार में अच्छी बिक्री दर्ज की गई। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर प्रयागराज का बाजार पूरी तरह से त्योहार के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह, हाथों में मेहंदी और थालियों में प्रेम के साथ पर्व की तैयारियां पूरी जोरों पर रही।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/DyXWKz3
Leave a Reply