कच्ची दीवार गिरी, सो रही वृद्ध महिला की मौत:बच्चे को मामूली चोट आई, विधायक ने दिया मदद का भरोसा

बांदा जनपद के टोला कला गांव में एक वृद्ध महिला की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई। यह घटना आज सुबह हुई जब महिला अपने नाती के आठ वर्षीय बेटे के साथ चारपाई पर सो रही थी। मलबे में दबने से महिला की जान चली गई, जबकि बच्चा मामूली रूप से घायल हो गया। मृतक महिला की पहचान परवतिया (75), पत्नी जयकरन यादव के रूप में हुई है। वह अपने नाती के बेटे विकास (8) के साथ सो रही थी, तभी अचानक दीवार ढह गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परवतिया और विकास को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परवतिया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। विकास को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित है। इस घटना में एक मवेशी की भी दबकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर बबेरू के क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Yk4Hx8z