कई वर्षों से बदहाल नासिरगंज-लक्ष्मणपुर मार्ग:बारिश में घुटनों तक पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, वैकल्पिक कच्चा रास्ता भी कीचड़ से भरा
श्रावस्ती: जनपद के तहसील जमुनहा क्षेत्र में नासिरगंज से लक्ष्मणपुर सेमरहनिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। यह मार्ग 2017 की बाढ़ में क्षतिग्रस्त होने के बाद से मरम्मत का इंतजार कर रहा है।हालाकि लोगों ने वैकल्पिक रास्ता बना लिया था जिससे लोग आवाजाही कर रहे हैं। दरअसल पिछले करीब चार दिनों की हुई बारिश ने स्थिति और खराब कर दी है। मार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया है। स्कूली बच्चों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बार बच्चे फिसलकर चोटिल भी हुए हैं। ग्रामीणों ने मजबूरी में एक कच्चे रास्ते को वैकल्पिक मार्ग तो बना लिया था। लेकिन लगातार हो रही बारिश ने इस रास्ते को भी कीचड़ और जलभराव से भर दिया है। इससे आवागमन और भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी जगतराम के अनुसार, अभिभावकों को अपने बच्चों की जान जोखिम में डालकर उन्हें स्कूल भेजना पड़ रहा है। कई अभिभावक खुद बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते हैं। कई बार बच्चे स्कूल न जाकर वापस घर लौट आते हैं। यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए बाजार और खेतों तक जाने का मुख्य रास्ता है। जिम्मेदार अधिकारियों ने कई वर्षों में भी मार्ग की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया है। इससे क्षेत्र के निवासियों को दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply