उन्नाव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
उन्नाव के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी मऊ गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 35 वर्षीय आरती देवी, पत्नी अनुराग शुक्ला, निवासी लाल कुआं, टिकरी मऊ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका का मायका बारासगवर थाना क्षेत्र के राजा पुर पिपराह में है। परिजनों के अनुसार, आरती देवी की शादी नौ साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही आरती को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें कहीं आने-जाने नहीं दिया जाता था और बीमारी में भी इलाज नहीं कराया जाता था। मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि आरती देवी को मानसिक और शारीरिक रूप से लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके सास-ससुर और पति पर तरह-तरह से तंग करने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्हें देर से सूचना दी गई। उन्होंने ससुराल पक्ष पर शव को अस्पताल और घर लाकर छिपाने तथा बिना बताए घटनाक्रम को अंजाम देने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की साजिश बताया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की छानबीन की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Ar7OqLP
Leave a Reply