आजम बोले- मैं चोर हूं, डकैती की धाराएं लगा दीं:10 साल और बंद कर दीजिए, मुर्दे से बात करिएगा; आप डराने तो नहीं आए…
‘मैंने रामपुर की पहचान कलम से करना चाही, उसकी सजा इतनी तो नहीं मिलनी चाहिए, जितनी मिल रही है। मैं चोर हूं। मुझ चोर पर डकैती की धाराएं लगा दी गईं।’ ये दर्द है सपा के कद्दावर नेता आजम खान का, जो उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ से विशेष बातचीत में बयां किया। आजम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच बुधवार को रामपुर में 2 घंटे बंद कमरे में बात हुई। अखिलेश अकेले रामपुर गए थे। आजम ने जौहर यूनिवर्सिटी में उन्हें रिसीव किया। फिर दोनों नेता एक-दूसरे का हाथ पकड़कर तंग गलियों से होते हुए घर तक आए। जेल से छूटने के 15 दिन बाद अखिलेश और आजम की यह पहली मुलाकात थी। मुलाकात के बाद अखिलेश आजम के घर से बाहर आए, तो उन्होंने मीडिया से बात की। मगर, आजम खामोश रहे। आजम खान ने अखिलेश के जाने के बाद जौहर यूनिवर्सिटी के भविष्य, मुलायम सिंह यादव और रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर विस्तार से बात की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: आज अखिलेश यादव आए थे, उन्होंने आपको पेन गिफ्ट किया?
आजम खान: सारा झगड़ा इसी का है। कुछ लोग यहां चौराहों पर 80 लाख रुपए का चाकू बनवाकर लगाते हैं। मैं एक रुपए का पेन देकर उनको IAS, PCS, इंजीनियर, डॉक्टर, साइंस दा बनाना चाहता हूं। अब आप तय कर लो, कौन-सी बात सही है। पहले रामपुर की पहचान चाकू से थी। रामपुरी चाकू…। इंसानी जिंदगी से लेकर फिल्मी जिंदगी तक यही पहचान थी। अब मैंने पहचान कलम से करना चाही, उसकी सजा इतनी नहीं मिलनी चाहिए, जितनी मिल रही है। सवाल: आप पर 114 मुकदमे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पैन कार्ड मामले में मुकदमा फिर से चलाने की बात कही है?
आजम खान: जेल चले जाएंगे। आप हमें डराने तो नहीं आए हैं? सवाल: आप कहते हैं, नेताजी और आपके बीच आशिक-माशूक का रिश्ता था। क्या उनकी पुण्यतिथि मनाने सैफई जाएंगे?
आजम खान: हम रामपुर में ही पुण्यतिथि मनाएंगे। हम उन्हें महदूद थोड़ी ही करेंगे। जो समाजवादी जहां हैं, वहीं मनाए। मनाना ही चाहिए। सारे लोग सैफई पहुंच जाएंगे, तो यह सम्मान नहीं होगा। नेताजी सिमट जाएंगे। हम लोग जहां हैं, वहां उन्हें याद करें। सवाल: अखिलेश के साथ ढाई घंटे रहे? कुछ ऐसी बात, जो आप शेयर करना चाहते हों?
आजम खान: (कुछ देर शांत रहे…) बहुत अच्छी बातें हुईं। उनके वालिद जी बहुत सभ्य व्यक्ति थे। ये 1-2 परसेंट उनसे ज्यादा हैं। जाहिर है, तल्ख यादों की, जेल में जो तकलीफें हुईं, उन पर ही बातें होती रहीं। और वही होनी थी। उसके अलावा कोई एजेंडा नहीं था। अगर कोई एजेंडा होता तो उनके साथ कुछ और लोग भी होते। बिल्कुल पर्सनल मुलाकात थी, पर्सनल एजेंडा था। सवाल: रामपुर के सांसद लखनऊ से चले, बरेली में उतार दिए गए। इसके पीछे आपका का बयान तो नहीं?
आजम खान: बरेली में उनकी जरूरत है। आलिम हैं। इस वक्त उलेमा की बड़ी जिम्मेदारी है कि वे मुसलमानों को समझाएं। इस इश्यू (आई लव मोहम्मद) पर भी कि किस तरीके से पेश होना चाहिए। और क्या करना चाहिए? क्या हदें होनी चाहिए? बहैसियत आलिम हैं। मैं उम्मीद करता हूं, उन लोगों के बीच में जाएंगे और और उन्हें जाना चाहिए। उनके जख्मों पर मरहम रखना चाहिए। उनसे बात करके रास्ता निकालना चाहिए। इंतेजामिया से बात करनी चाहिए और विक्टिम से भी बात करना चाहिए। शायद इसीलिए वे बरेली में रुके हैं। सवाल: आप पर इतने सारे मुकदमे हुए, किसी अफसर या सरकार को, किसे जिम्मेदार मानते हैं?
आजम खान: (जोर से हंसते हुए) अपने को जिम्मेदार मानता हूं। मैं तो चोर हूं न। न मैं चोर होता, न मेरे खिलाफ इतने मुकदमे होते। बस शिकवा इतना है कि चोर के खिलाफ डकैती की धाराएं लगा दीं। थोड़ी ज्यादती हो गई। सवाल: 5 साल पहले और अब जेल से छूटने के बाद आपके लहजे में जमीन आसमान का फर्क आया?
आजम खान: आप 10 साल और बंद कर दीजिए। मुर्दे से बातें कर लेंगे आप। आप इस तरह की एक कोठरी में बंद हो जाइए, तब देखूंगा कि आवाज भी निकलती है या नहीं। सवाल: जौहर यूनिवर्सिटी पर ED, CBI का छापा पड़ा, इसका भविष्य क्या देखते हैं?
आजम खान: नहीं, सिर्फ IT का छापा पड़ा। और कोई नहीं…। भविष्य तो ऊपर वाला तय करेगा। न मैं और न आप। कोई नहीं। ————– यह खबर भी पढ़िए:- अखिलेश बोले- आजम पर केस करके भाजपा रिकॉर्ड बना रही:आजम ने कहा- सब तिनका-तिनका हुआ; रिहाई के बाद सपा प्रमुख से मिले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान के जेल से छूटने के बाद पहली बार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में 2 घंटे तक बातचीत चली। इस दौरान आजम की पत्नी और बेटे भी मौजूद नहीं थे। बाहर निकलने पर अखिलेश ने कहा- आजम साहब बहुत पुराने नेता हैं। उनका गहरा साया हमेशा हमारे साथ रहा है। आजम खान हमारी पार्टी का दरख्त (पेड़) हैं। आजम परिवार पर भाजपा केस करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना चाहती है। यह बड़ी लड़ाई है और उसमें हम सब मिलकर लड़ेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/SQwB1N6
Leave a Reply