आजम बोले- मुझे जेल में जहर नहीं दिया गया:मुख्तार अंसारी की मौत से अलर्ट हो गया था; पूर्व सांसद को समझने में गलती हुई
सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान सोमवार को दिल्ली से रामपुर पहुंचे। उन्होंने जेल में स्लो पॉइजन (धीमा जहर) दिए जाने वाले पूर्व सांसद व पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के दावों पर सफाई दी। आजम खान ने कहा- वह अच्छे नेता हैं, लेकिन उन्हें कुछ गलतफहमी हो गई है। शायद कुछ समझने में गलती हुई है। मैंने अपने बारे में ऐसा नहीं कहा था। आजम ने कहा- जब मुख्तार अंसारी की जेल में इंतकाल की खबर आई तो चर्चा चली कि कहीं उन्हें जेल में स्लो पॉइजन न दिया गया हो? मुख्तार की मौत की खबर का मुझ पर असर हुआ। इसके बाद मैं खाने-पीने की चीजों को लेकर और सतर्क हो गया था, ताकि मेरे साथ कोई ऐसी घटना न हो जाए, लेकिन जेल में मुझे स्लो पॉइजन देने वाली बात उस तरह नहीं थी। यह केवल समझने और समझाने का फर्क है। अब पढ़िए आजम की 3 बड़ी बातें 1- वक्त गुजारने के लिए नींबू का अचार बनाता था
आजम ने कहा, 5 साल की जेल में एक छोटी से कोठरी में रहने के कारण मेरी सेहत पर बुरा असर छोड़ गया है। मैं खुद खाना नहीं बना सकता था। दोपहर में एक बहुत पतली सी रोटी खाता था। रात में आधी या पौन रोटी। वक्त गुजारने के लिए नींबू का अचार बना लेता था। 2- नए जोश के साथ दोबारा लौटूंगा आजम ने कहा, उसी नींबू के आचार से रोटी खा लेता था। हमारी प्राथमिकता अब यही है कि पहले सेहत ठीक हो। उस बुरे दौर को मैं कभी भूल नहीं सकता। सेहत दुरुस्त करने के बाद नए जोश के साथ दोबारा लौटूंगा। अब पूरा ध्यान जनता और युवाओं की समस्याओं पर रहेगा। 3- अखिलेश पर बोले- बड़े लोग आएंगे तो अच्छा लगेगा
अखिलेश यादव के 8 अक्तूबर को रामपुर आने की खबर पर आजम खां ने तंज किया- हमें तो अखबारों से पता चला। हम तो एक छोटी सी गली में रहते हैं, जहां कई फीट पानी भर जाता है। बड़े लोग आएंगे तो अच्छा लगेगा, हर बड़े आदमी का स्वागत है। रामपुर पहुंचने के बाद आजम खान ने कुछ देर अपने घर पर आराम किया। इसके बाद वे जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे से वे यूनिवर्सिटी में मौजूद हैं। इस दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी रही। शाहिद सिद्दीकी के बयान से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, पूर्व सांसद और पत्रकार शाहिद सिद्दीकी ने शनिवार को फेसबुक पर आजम से मुलाकात की तस्वीर पोस्ट की थी। पोस्ट में लिखा था- आजम ने मुझसे बताया जेल में उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला को जहर देने की कोशिश की गई थी। उनके खाने में स्लो पॉइजन दिया जा रहा था। जैसे ही उन्हें इस बात का एहसास हुआ, उन्होंने जेल में मिलने वाला खाना खाना बंद कर दिया। खुद अपने हाथों खाना बनाना शुरू कर दिया। उनका मानना है कि उन्हें उसी तरह मारने की साजिश रची गई थी, जैसे मुख्तार अंसारी को मारा गया। शाहिद सिद्दीकी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में वही बातें दोहराई हैं, जो उन्होंने फेसबुक पर लिखी हैं। उन्होंने जब मुख्तार अंसारी की जेल में अचानक मौत हुई तो आजम को शक हुआ कि उन्हें और उनके बेटे को स्लो पॉइजन दिया जा रहा है। उन्हें सीतापुर जेल में तन्हाई बैरक में रखा गया था। उनके पैरों ने काम करना बंद कर दिया था। बैरक इतनी छोटी थी वहां चल पाना भी मुश्किल था। 23 सितंबर को 23 महीने बाद रिहा हुए थे आजम खान
सपा नेता आजम खान 23 महीने बाद 23 सितंबर को सीतापुर जेल से रिहा हुए थे। 20 सितंबर को रामपुर कोर्ट ने ये धाराएं खारिज कर दीं, जिससे रिहाई का रास्ता साफ हो गया था। आजम पर 104 केस दर्ज हैं। दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला उन्हें लेने पहुंचे थे। वे 100 गाड़ियों के काफिले के साथ यहां से रामपुर के लिए रवाना हुए थे। रामपुर में अपने घर पहुंचे तो रास्ते में वे DSP पर नाराज हो गए थे। आजम खान ने DSP से कहा, मुसाफिरों को पुलिस परेशान कर रही है। आजम ने जेल से निकलने के बाद बसपा में जाने के सवाल पर कहा- यह अटकलें लगाने वाले ही बता सकते हैं। मैं जेल में किसी से नहीं मिला। फोन करने तक की इजाजत नहीं थी। अखिलेश ने कहा है कि सपा सरकार बनते ही आजम खान पर लगे सारे केस हटा दिए जाएंगे? मीडियाकर्मी के इस सवाल पर आजम चुप हो गए और मुस्कुरा दिए। आजम खान को 5 दिन पहले हाईकोर्ट ने बीयर बार पर कब्जे से जुड़े केस में जमानत दी थी। यह आखिरी मामला था, जिसमें उन्हें जमानत मिली। हालांकि, जमानत मिलते ही पुलिस ने शत्रु संपत्ति मामले में नई धाराएं जोड़ दीं। 8 अक्टूबर को आजम से मिलने रामपुर जाएंगे अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान से मिलने जाएंगे। अखिलेश ने इसके लिए 8 अक्टूबर का दिन तय किया है। खास बात ये है कि अखिलेश का ये दौरा मायावती की लखनऊ में होने वाली रैली से ठीक एक दिन पहले का लगाया गया है। इसके पीछे भी सपा की रणनीति बताई जा रही है। क्योंकि आजम खान के बसपा में जाने की अटकलें हैं। सीतापुर जेल से छूटने के बाद मीडिया से बातचीत में आजम ने अखिलेश पर तंज भी कसा। आजम ने कहा था, वो बड़े नेता हैं, अगर मेरे बारे में कुछ कहते हैं तो उनका बड़प्पन है। यह भी कहा, वो नेताजी की औलाद हैं, हमें भी उतने ही अजीज हैं, जितना वो नेताजी के रहे होंगे। ———————————————- ये खबर भी पढ़ें- यूपी में 39 करोड़ बीमा के लिए पिता का मर्डर : मां की भी हत्या की; पत्नी की मौत के बाद 80 लाख लिए हापुड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने माता-पिता की हत्या कर उनकी मौत को सड़क हादसा दिखाया। 2017 में उसने मां की हत्या की और उनके नाम पर एक कंपनी से 22 लाख रुपए बीमा क्लेम वसूला। एक साल पहले उसने पिता की हत्या की और बीमा कंपनियों से 39 करोड़ रुपए का क्लेम किया। पढ़ें पूरी खबर
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZxOd5R6
Leave a Reply