आजम चुपचाप टाइम काटें..सरकार फिर पकड़ने की फिराक में:टिकैत ने पूछा-क्या आजम ने बकरी चोरी की थी; बोले-इस बार लगता है सत्ता बदलेगी
“आजम खां 23 महीने बाद जेल से बाहर आए हैं। कोर्ट ने उनके दस्तावेज देखकर उन्हें रिहा कर दिया है। लेकिन सरकार फिर पकड़ने की फिराक में है। मेरी सलाह है कि आजम चुपचाप अपना टाइम काट लें। सरकार खिलाफ है। इतने लंबे समय बाद जेल से निकले व्यक्ति को बयानबाजी से बचना चाहिए। …जब वक्त आएगा तब वो अपना हिसाब किताब देखें।” ये कहना है कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत का। मुरादाबाद में भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में पहुंचे टिकैत ने दैनिक भास्कर से आजम खां की रिहाई से लेकर प्रदेश के सियासीकरण तक पर बात की।
सवाल- आजम खां लंबे समय बाद जेल से रिहा हुए हैं। क्या लगता है इससे क्या कुछ बदलेगा ?
जवाब- मुझे लगता है कि आजम को बेहद खामोशी से वक्त गुजारना चाहिए। उन्हें कुछ भी बोलने के लिए सही समय का वेट करना चाहिए। अभी तो वो बाहर आए हैं। सरकार फिर से उन्हें दबोचने की फिराक में है। सवाल- आप क्या कहना चाहते हैं ? क्या सरकार फिर आजम को जेल भेजेगी ? जवाब- मुझे नहीं पता किसकी शह पर क्या हो रहा है ? लेकिन आजम को बयानबाजी से परहेज करके सही समय का वेट करना चाहिए। क्या आजम खां बकरी चोर हैं ? वो बकरी चोरी में भी जेल रहकर आए हैं। किसानों के नलकूप और कोल्हू पर हर रोज मोटर चोरी हो रहे हैं। सरकार का उस तरफ तो ध्यान नहीं है। बकरी चोरी के लिए पूरी सरकार की ताकत लग गई। आजम पर बकरी चोरी का झूठा मुकदमा लिखाकर जेल भेज दिया गया। सवाल-सरकार ने GST की दरें कम की हैं। इससे किसानों को कोई भी लाभ मिल रहा है? जवाब- अभी ताे हमें कोई लाभ दिखा नहीं है। आगे देखेंगे कि क्या लाभ मिल रहा है। ट्रैक्टर के भी रेट लिखे जाने चाहिए। व्यापारी आसानी से किसान को लाभ देना नहीं चाहेगा। सवाल- क्या 2027 में आपको कुछ बदलाव होता नजर आ रहा है ?
जवाब- भाजपा सरकार तोड़फोड़ और बांटने की राजनीति कर रही है। ये सरकार लोगों को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटना चाहती है। लेकिन इस बार विपक्ष इकट्ठा हो रहा है। विपक्ष की एकजुटता देखकर लगता है कि शायद इस बार यूपी में बदलाव होगा।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply