आजम खान के स्वागत में झालरों से सजा घर:काले चश्मे में 100 गाड़ियों के काफिले में निकले, शिवपाल बोले- वो कहीं नही जा रहे
सीतापुर जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 महीने बाद रिहा हो गए हैं। सीतापुर जेल से करीब 100 गाड़ियों के काफिले में आजम खान रामपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान आजम अपने पुराने अंदाज में कार में काला चश्मा पहने नजर आए। शाहजहांपुर में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां भी सैकड़ों समर्थकों के साथ उनके स्वागत में हाईवे पर खड़े नजर आए। इधर, रामपुर में उनके घर को रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है। घर के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ता उनका इंतजार कर रहे हैं। घर के बाहर मीडिया का भी जमावड़ा नजर आया। आजम की रिहाई के साथ ही उनके बसपा में जाने की अटकलों पर भी विराम लगता दिख रहा है।बसपा की तरफ से न तो कोई रिएक्शन आया, न ही रिहाई के समय कोई बसपा नेता जेल के बाहर नजर आया। जबकि अखिलेश यादव और शिवपाल समेत समाजवादी पार्टी आजम खान की रिहाई पर उत्साहित और एकजुट दिखी है। रामपुर की सपा सांसद रुचिवीरा समेत कई विधायक आजम की रिहाई पर सीतापुर जेल के बाहर पहले से ही पहुंच गए। सपा नेताओं ने आजम की रिहाई पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। जिसपर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी पलटवार किया है। सबसे पहले आजम खान के घर का विजुअलन देखिए आजम खान की रिहाई पर रामपुर में उनके पैतृक आवास रामपुर के थाना गंज के मोहल्ला टंकी नंबर 5 में बने उनके घर को रिंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है। दिन में ही लाइटें जगमगा रही हैं। घर के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं। उनके स्वागत में जगह जगह स्वागत सपाई उनका इंतजार करते नजर आए। अब रिहाई पर नेताओं के रिएक्शन पढ़िए शिवपाल बोले- आजम खान कहीं नहीं जा रहे आजम खान की रिहाई पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने इटावा में कहा- आजम खान के साथ सरकार ने बहुत नाइंसाफी की है। उन्हें गलत फंसाया गया है। कोर्ट ने उन्हें न्याय दिया है। हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। उनपर सैकड़ों केस लगाए गए। पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी थी और खड़ी है।
गाजीपुर सांसद अफजाल बोले- आजम खान सपा के जन्मदाता हैं आजम खान की रिहाई पर गजापुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कहा- आजम खान समाजवादी पार्टी के फाउंडर हैं, जैसे मुलायम सिंह यादव सपा के जन्मदाता हैं, वैसे ही आजम खान सपा के जन्मदाता हैं। आजम की खान की जो दुर्गती हुई। उसमें सबसे बड़ा रोल मीडिया का था। मीडिया के लोगों ने उनके खिलाफ नेगेटिव माहौल बना दिया। ये सब चलाया गया कि सरकार ने आजम खान के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है। आजम खान को लेकर मुसलमानों को भड़काया गया। मीडिया के लोगों ने ही आजम खान को गिराया, फिर कहने लगे कि अरे देखो बेचारे गिर गए। लेकिन अब उन्हें न्याय मिल रहा है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply