आजम खान की जेल से रिहाई:जेल से निकलते ही सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, हरदोई में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न
सीतापुर जेल से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई हो गई है। न्यायपालिका के आदेश पर दो साल बाद जेल से बाहर आए आजम खान का सपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सभी जनपदों में इस रिहाई को जश्न के रूप में मनाया जा रहा है। पार्टी इसे एक राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है। हरदोई में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने ‘आजम नहीं अकेला है, उसके साथ झमेला है’ और ‘आजम तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं’ जैसे नारे लगाए। हरदोई के जिला अध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि आजम खान संघर्षों के प्रतीक हैं। उन्होंने न्यायपालिका की सराहना करते हुए कहा कि न्याय हुआ है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल, राहुल गुप्ता, फूलचंद वर्मा, जिला महासचिव चंद्रशेखर पाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बसपा में आजम के जाने की अटकलों के बीच सपा उनकी रिहाई का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply