आजमगढ़ में लाठी-डंडे से पीटकर बुजुर्ग की हत्या:गांव की लड़की से विवाद के बाद पिट रहे बेटे को बचाने आए थे, 5 पर मुकदमा
आजमगढ़ में 62 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि गांव की एक लड़की मोबाइल पर बात करते हुए जा रही थी। तभी बुजुर्ग के बेटे ने उसे टोका और मोबाइल छीन लिया। जिससे लड़की ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर लड़की के परिजन और गांव वाले इकट्ठे हो गए और युवक की पिटाई शुरू कर दी। युवक को पिटता देख बुजुर्ग उसको बचाने आए तो ग्रामीणों ने उन्हें भी गिराकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। बाद में गंभीर हालत में लोगों ने बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूरा मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरकेश गांव का है। क्या है पूरा मामला? घटना शुक्रवार शाम लगभग 8 बजे की है। गांव निवासी बबलू राजभर (40) काम से लौट रहा था। रास्ते में गांव की एक लड़की मोबाइल पर बात कर रही थी। बबलू ने उसे टोका और मोबाइल छीन लिया। इस पर लड़की घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर दर्जनों गांव वाले मौके पर पहुंच गए और बबलू को पीटना शुरू कर दिया। पिता बचाने पहुंचे तो उन्हें भी पीटा
बेटे की पिटाई की खबर सुनकर पिता कन्हैया राजभर (62) मौके पर पहुंचे और भीड़ को रोकने की कोशिश करने लगे। लेकिन भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी। उल्टा कन्हैया को भी जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया।पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बबलू को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद गांव के मुन्नू राम, राम अवध, रजनीकांत, कुलचंद और कुलचंद के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीण बोले- सीधे-साधे इंसान थे कन्हैया
गांव वालों के मुताबिक कन्हैया राजभर बेहद सीधे-साधे और मेहनती इंसान थे। वे और उनका बेटा बबलू ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस घटना से पूरे गांव में नाराजगी और दहशत का माहौल है। लोग इसे एक छोटी सी बात का बेवजह बड़ा रूप लेने और कानून व्यवस्था के गिरते स्तर का नतीजा बता रहे हैं। कप्तानगंज थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। वहां पता चला कि बुजुर्ग को पीटा गया है। बाद में उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की पत्नी कौशल्या देवी ने गांव के पांच आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। गांव में स्थिति नियंत्रण में है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————— ये खबर भी पढ़ें… किडनैपर की तरह बेटे को ले गया पिता, VIDEO:झांसी में पत्नी को तमंचा लगाया, पीछे दौड़ी तो बाइक की स्पीड बढ़ाकर भागा झांसी में एक पिता किडनैपर की तरह अपने 3 साल के बेटे को उठाकर ले गया। बच्चे के साथ पत्नी अपने मायके करीब 12 दिन पहले ही आई थी। 18 सितंबर को बच्चा अपनी मां की गोद में खेल रहा था, उसी समय पति आ धमका। उसके साथ दो और लोग थे। तीनों के चेहरे पर नकाब थे। पढ़ें पूरी खबर…
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply