आगरा जामा मस्जिद के इमाम ने नहीं लिया तिरंगा:अखिल भारत हिंदू महासभा ने धार्मिक गुरुओं को दिए तिरंगा, धीरेंद्र शास्त्री के आह्वान पर चलाया अभियान

आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने संदेश पत्र और तिरंगा लेकर आगरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर महा अभियान चलाया। मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे के बाद जामा मस्जिद भी पहुंची। जहां इमाम से मुलाकात नहीं हुई। पुलिस ने ही तिरंगा और संदेश ले लिया।
बागेश्वर धाम बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने आह्वान किया था कि हर धार्मिक स्थल पर तिरंगा और राष्ट्रगान हो। इसको लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने महा अभियान शुरू किया। सबसे पहले महादेव के मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी को तिरंगा और संदेश पत्र दिया। इसके बाद सिकंदरा स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल पर संत बाबा प्रीतम सिंह को भी तिरंगा और संदेश पत्र दिया गया। यहां से प्रतापपुरा स्थित मैरी चर्च पर फादर डेविड को तिरंगा और संदेश पत्र देकर तिरंगा अपने धार्मिक स्थल पर लगाने की अपील की।
इसके बाद सभी जामा मस्जिद पहुंचे। लेकिन यहां इमाम से मुलाकात नहीं हुई। पुलिस अपने साथ सभी को लेकर जामा मस्जिद पहुंची। मीरा राठौर ने जामा मस्जिद पर संदेश पत्र लगाने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने रोका। पुलिस ने तिरंगा और संदेश पत्र लेकर अपने पास रख दिया। लेकिन मीरा राठौर का कहना है कि जब तक खुद वो अपने हाथ से इमाम को संदेश पत्र और तिरंगा नहीं देंगी,तब तक बार-बार कोशिश करेंगी। इमाम को संदेश पत्र और तिरंगा देने के बाद ही अभियान को पूरा करेंगी। मीरा राठौर ने कहा कि हर धार्मिक गुरु की तरह इमाम को भी संदेश भिजवाया गया था, इसके बाद भी वो नहीं मिले। इससे मंशा जाहिर होती है। जामा मस्जिद के दरवाजे अंदर से बंद थे। पुलिस बाहर बैठी हुई थी।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर