अलीगढ़ में धर्म बदलने वाले युवक को मारी गोली:दो साल पहले सलमान से बना था संतोष, पीड़ित बोला-रिश्तेदार हैं आरोपी
अलीगढ़. रोरावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सनसनीखेज वारदात हुई। तालसपुर हाईवे के पुल के नीचे बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ में लगी, लेकिन जान बचाकर वह किसी तरह भाग निकला। हमलावरों ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन मौके पर लोग जुटने लगे तो वह फरार हो गए। घायल युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोरावर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दो साल पहले बदला था धर्म, बोला- तभी से चल रही रंजिश घायल युवक की पहचान सलमान उर्फ संतोष निवासी तालसपुर खुर्द के रूप में हुई है। उसने बताया कि दो साल पहले उसने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया था। वह अब खुद को ‘सनातनी’ बताता है। सलमान का दावा है कि उसके धर्म परिवर्तन से गांव के कुछ लोग खासे नाराज थे, और कई बार उसे धमकियां भी मिल चुकी थीं। सलमान ने जिन लोगों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है, उनके नाम हैं – फरीद, मुस्तफा, मुजाहिद और आमिर ठेकेदार। ये सभी आरोपी सलमान के रिश्तेदार भी हैं। सलमान के मुताबिक, ये सभी उसके धर्म परिवर्तन से नाखुश थे और इसी रंजिश में हमला कराया गया। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, CCTV खंगाल रही पुलिस घटना के तुरंत बाद फोरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से लेकर घायल के कपड़ों और शरीर तक से साक्ष्य जुटाए, जिससे कि किसी डिजिटल क्लू के जरिए हमलावरों की पहचान की जा सके। वहीं, पुलिस भी हाईवे के आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि हमलावरों की बाइक कैमरे में कैद हो सकती है। जांच में सामने आया है कि जिन आरोपियों पर सलमान ने हमले का आरोप लगाया है, उनके ही कारखाने में वह और उसकी पत्नी राजस्थान में काम करते थे। लेकिन एक महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों को नौकरी से निकाल दिया गया था। तभी से दोनों पक्षों में विवाद और तनातनी बनी हुई थी। पुलिस को घटना संदिग्ध, बोली – पीड़ित की छवि ठीक नहीं पुलिस ने इस मामले को लेकर कुछ संदेह भी जताया है। रोरावर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है। घायल की छवि गांव में अच्छी नहीं है। वह नशे का आदी है और खुद को धर्म बदल चुका बताता है, लेकिन उसके बच्चे अब भी मदरसे में पढ़ते हैं। जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, पहले उन्हीं के कारखाने में काम करता था। फिलहाल घायल की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply