अलीगढ़ में इलाज के दौरान युवक की मौत:ट्रैक्टर-पिकअप की टक्कर में हुआ था घायल, परिवार में मचा कोहराम

अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। गोंडा पुल के पास शनिवार सुबह ट्रैक्टर और मैक्स पिकअप की टक्कर हुई थी। बुलंदशहर निवासी 25 वर्षीय हुकम सिंह ने इलाज के दौरान रविवार सुबह दम तोड़ दिया। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ, जब हुकम सिंह अलीगढ़ से मथुरा एक नया ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। गोंडा पुल पर पहुंचने पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ट्रैक्टर चालक हुकम सिंह और पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रविवार सुबह हुकम सिंह की मृत्यु हो गई। मृतक हुकम सिंह पुत्र प्रेमपाल सिंह बुलंदशहर के गांव ढकपुरा के रहने वाले थे। वह तीन भाइयों में बीच के थे और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। हुकम सिंह अपने पीछे पत्नी और आठ माह का एक पुत्र छोड़ गए हैं। वह 3 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FXjIK1H