अयोध्या में रास्ता नहीं देने पर युवक को मारी गोली:हाथ में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती, बाइक सवार बदमाश फरार
अयोध्या के तारुन थाना क्षेत्र के तकमीनगंज विसुही पुल के पास मंगलवार को ओवरटेक के विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान मयंक प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती किया गया है, जहां इलाज चल रहा है। घटना हैदरगंज थाना क्षेत्र के तकमीनगंज पुल से आगे राइस मिल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मयंक प्रताप सिंह अपनी पल्सर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान काली बाइक पर सवार कुछ युवकों ने उसे ओवरटेक करने के लिए पास मांगा। मयंक द्वारा पास न देने पर आरोपित युवकों ने असलहे से फायर कर दिया। गोली लगने से मयंक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे सीएचसी तारुन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल मयंक प्रताप सिंह हैदरगंज के मैहर कबीरपुर का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में अपने ननिहाल में रहता था। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/9HMLjsT
Leave a Reply