अयोध्या में ब्राह्मण संघर्ष समिति का कार्यक्रम रद्द:आयोजकों ने मुख्यमंत्री से अनुमति मांगी, भाजपा को चुनाव में नुकसान की दी चेतावनी
संयुक्त ब्राह्मण संघर्ष समिति का तीसरा स्थापना दिवस कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। समिति ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम संपन्न कराने की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम नहीं हुआ तो भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव2027 में बड़ा नुकसान हो सकता है। समिति का गठन विगत 9 अक्टूबर को अयोध्या धाम में संत तुलसीदास हॉल, बड़ी छावनी में अखिल भारतीय चाणक्य परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक पंडित कृपा निधान तिवारी के नेतृत्व में हुआ था। इसका उद्देश्य देश के सर्वण समाज के गिरते जीवन स्तर और खराब आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करना तथा उनके उत्थान के लिए कार्य करना है। समिति का तीसरा स्थापना दिवस कार्यक्रम रविवार, 5 अक्टूबर को भरत कुंड स्थित हनुमान भरत मिलाप मंदिर में आयोजित होना तय था। हालांकि, उच्च न्यायालय के राजनीतिक एवं जातीय संगठनों के कार्यक्रमों पर रोक लगाने के निर्देश के बाद, शासन ने भी इस संबंध में आदेश जारी किए। इसी क्रम में एसडीएम सोहावल ने कार्यक्रम की स्वीकृति के आवेदन को निरस्त कर दिया, जिससे कार्यक्रम पर रोक लग गई। पंडित कृपा निधान तिवारी ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को लिखे पत्र में कार्यक्रम संपन्न कराने की मांग की है।उन्होंने तर्क दिया है कि ब्राह्मण और सर्वण समाज को’पृथ्वी का देवता’ माना जाता है, जैसा कि तुलसीकृत रामचरितमानस में वर्णित है। उन्होंने इसे एक ‘वर्ण’ बताया है, न कि’जाति समूह’, और कार्यक्रम पर रोक को अभिव्यक्ति की संवैधानिक स्वतंत्रता का हनन बताया है। समिति के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा है कि यदि कार्यक्रम संपन्न नहीं होता है, तो इससे प्रदेश भर के सर्वण समाज और ब्राह्मणों में भारी रोष व्याप्त होगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि इसका खामियाजा भारतीय जनता पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भुगतना पड़ सकता है। समिति ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे सहित देश भर के कई विशिष्ट जनों को निमंत्रण भेजा जा चुका है। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन से कार्यक्रम को संपन्न कराने की अनुमति देने की मांग की गई है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FVMR9oD
Leave a Reply