अयोध्या में बारिश शुरू, गर्मी से मिली राहत:तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज, मौसम हुआ सुहावना

अयोध्या में बीते एक सप्ताह से जारी उमस और गर्मी से लोगों को आखिरकार राहत मिली ही गई। भोर से शुरू हुई रिमझिम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है। जिले के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत महसूस हुई। पिछले कुछ दिनों से जिले का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। हवाओं की गति कम होने से वातावरण में नमी बढ़ गई थी, जिससे उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। बारिश के बाद तापमान में कमी आई है और मौसम सुहावना हो गया है। अक्टूबर की शुरुआत में हुई यह बारिश किसानों के लिए भी फायदेमंद साबित हो रही है। वर्तमान में खरीफ की फसलें जैसे धान पकने की अवस्था में हैं। हल्की बारिश से मिट्टी की नमी बनी रहेगी और फसलों को लाभ मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह वर्षा रबी फसलों की बुवाई के लिए भी अनुकूल माहौल तैयार कर सकती है। तापमान में गिरावट आने से घरों और बाजारों में उमस से निजात मिली है। आचार्य नरेन्द्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस (-1.5) और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस (+1.0) दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 82 प्रतिशत और न्यूनतम 72 प्रतिशत रही। हवा की गति 2.0 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा उत्तरी-पश्चिमी थी। वर्षा 0.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/MO2ciqB