अबू धाबी में भारत-यूएई के बीच पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा:केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने IUCN सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया

गोंडा लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद व केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया) ने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्री डॉ. अम्ना बिंत अब्दुल्ला अल दहाल से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके तीन दिवसीय अबू धाबी दौरे के दौरान हुई जहां वे IUCN विश्व संरक्षण सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास में सहयोग को और मजबूत करने पर सार्थक सकारात्मक रूप से चर्चा हुई है। सम्मेलन के दूसरे दिन, केंद्रीय मंत्री ने IUCN अध्यक्ष रजान खलीफा अल मुबारक द्वारा आयोजित ‘नेचर्स प्रॉमिस फॉर क्लाइमेट एंड पीपल’ नामक राउंडटेबल संवाद में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान वैश्विक संरक्षण और जलवायु लक्ष्यों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। भारत ने बेलेम (ब्राजील) में होने वाले आगामी सम्मेलन और भविष्य के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए सामूहिक जलवायु और संरक्षण प्रयासों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता का नुकसान आज मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं। उन्होंने जोर दिया कि जब देश, समुदाय और नागरिक एकजुट होकर कदम उठाते हैं, तो बदलाव संभव है। उन्होंने एक ऐसे भविष्य के निर्माण का आह्वान किया जहाँ पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण केवल एक नीति नहीं, बल्कि एक संस्कृति बन जाए। मंत्री ने भारत का प्रतिनिधित्व करने और देश की मजबूती पर चर्चा करने पर गर्व व्यक्त किया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/G2edU8I