अफेयर से दूरी बनाई तो महिला महामंडलेश्वर ने कराई हत्या:अलीगढ़ में शोरूम मालिक से 6 साल से अफेयर, बिजनेस में हिस्सा मांग रही थी

अलीगढ़ में TVS बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की हत्या महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे उर्फ अन्नपूर्णा भारती ने अफेयर में कराई। दोनों 6 साल से प्रेम-प्रसंग में थे। महामंडलेश्वर उससे शादी करना चाहती थी। वो अभिषेक को खुद से एक भी दिन दूर रखने के लिए तैयार नहीं थी। अभिषेक की फैमिली को ये बातें पता चली तो उन्होंने महामंडलेश्वर से दूरियां बनानी शुरू कर दी। पूजा शकुन पांडे ने इस वजह से अभिषेक पर न केवल 2 बार हमला कराया, बल्कि फिर वो बाइक शोरूम में पार्टनरशिप भी मांगने लगी। मकसद सिर्फ एक ही था कि अभिषेक किसी भी तरह परेशान होकर फिर से उसके पास आ जाए। दैनिक भास्कर ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर इस सनसनीखेज हत्याकांड की वजह तलाशी। अभिषेक की फैमिली के सदस्यों से अलगअलग बात की। महामंडलेश्वर का पुराना रिकॉर्ड खंगाला। पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले पूरा घटनाक्रम समझिए… बस में चढ़ते वक्त गोलियों से भून डाला
हाथरस जिले में सिकंदराऊ थाना क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गुप्ता का अलीगढ़ के कस्बा खैर में TVS बाइक शोरूम था। 26 सितंबर की रात साढ़े 9 बजे बाइक शोरूम बंद करके अभिषेक अपने पिता नीरज गुप्ता, चचेरे भाई जीतू के साथ गांव के लिए निकले। वो खेरेश्वर मंदिर चौराहे पर हाथरस जाने वाली बस में बैठ रहे थे। पिता और चचेरा भाई बस में चढ़ चुके थे। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और अभिषेक को गोलियों से भून दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई आशीष गुप्ता ने इस हत्याकांड में महामंडलेश्वर डॉ. पूजा शकुन पांडे, उनके पति अशोक पांडे और दो अज्ञात शूटरों के खिलाफ FIR कराई। 28 सितंबर को पुलिस ने अशोक पांडे को जेल भेज दिया। इसके बाद शूटर आसिफ और मोहम्मद फजल भी पकड़े गए। अब सिर्फ महामंडलेश्वर फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें जारी हैं। अभिषेक और महामंडलेश्वर का ठिकाना आमने-सामने
अलीगढ़-एटा हाईवे से करीब 6 किलोमीटर अंदर चलने पर गांव कचौरा पड़ता है, जहां का अभिषेक रहने वाला था। बाजार के अंदर उसका पुश्तैनी घर है। घर के बाहर ही कई दुकानें हैं, जिनका संचालन परिवार के अन्य मेंबर करते हैं। इस घर से सिर्फ 100 मीटर दूर मंदिर जैसी एक बिल्डिंग बनी है, जिसका नाम राम भवन है। इस बिल्डिंग का निर्माण महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे और उसके पति अशोक पांडे ने कराया था। अभिषेक के पिता नीरज गुप्ता ने भवन निर्माण में 5 लाख रुपए का चंदा भी दिया था। अभिषेक के मकान के पीछे ही एक वक्त में पूजा शकुन पांडे के पिता रहा करते थे, वो उस वक्त प्रोफेसर थे। पिता बोले- मैंने बेहतर भविष्य के लिए पूजा शकुन को दिया था बेटा
अभिषेक और पूजा शकुन पांडे की मुलाकात कैसे हुई, ये जानने के लिए भास्कर की टीम ने मृतक के पिता नीरज गुप्ता से बात की। वो कहते हैं- अभिषेक उस वक्त 11वीं में पढ़ रहा था। पूजा शकुन पांडे के पिता डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर थे। उनका घर हमारे घर के पीछे ही था, लेकिन स्थायी निवास अलीगढ़ में था। हालांकि कचौरा गांव वो कभी-कभार आते रहते थे। एक परिचित के जरिए मैं पूजा शकुन पांडे और उनके प्रोफेसर पिता से मिला। मैंने उनसे कहा कि वो मेरे बेटे को अपने पास रख लें, उसका भविष्य सुधर जाएगा। अलग-अलग मुलाकातों में करीब तीन-चार बार मैंने कहा होगा। आखिरकार वो मान गए और एक दिन मेरे बेटे को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर अलीगढ़ स्थित अपने आवास ले गए। इस बात को करीब छह-सात साल हो गए होंगे। नीरज गुप्ता बताते हैं- इसके बाद पूजा शकुन पांडे के प्रोफेसर पिता ने मेरे बेटे का एडमिशन अंबाला की गैलेक्सी ग्लोबल यूनिवर्सिटी में BBA में करा दिया। वो अंबाला न जाकर ज्यादातर टाइम अलीगढ़ में ही रहता था। परिचित प्रोफेसर की वजह से अटेंडेंस और बाकी चीजों में उसे कोई दिक्कत नहीं होती थी। वो कई-कई महीने में अपने पैतृक घर आता था। हमें कोई दिक्कत नहीं हुई। क्योंकि हमें लगता था कि वो पूजा शकुन के घर बढ़िया रह रहा और पढ़ाई कर रहा है। शादी में मैचिंग ड्रेस देखकर हुआ अफेयर का एहसास
अभिषेक गुप्ता और पूजा शकुन पांडेय के अफेयर का कैसे पता चला? इस पर अभिषेक के छोटे भाई आशीष गुप्ता बताते हैं- मेरी शादी 10 दिसंबर 2024 को हुई। इसमें पूजा शकुन पांडे जो ड्रेस पहनकर आई, सेम मैचिंग ड्रेस मेरे भाई ने पहनी हुई थी। दोनों ने साथ डांस किया। जबकि इससे पहले हमने पूजा शकुन को भगवा ड्रेस के अलावा किसी दूसरे कपड़े में नहीं देखा। हमने कई लोगों से पहले दोनों के संबंध के बारे में सुना जरूर था, लेकिन शादी में मैचिंग ड्रेस देखकर हमारा शक यकीन में बदल गया। छोटे भाई की शादी होते ही बड़े पर बनाने लगी शादी का दबाव
आशीष बताते हैं- मेरी शादी के बाद पूजा शकुन ने बड़े भाई पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। ज्यादा दबाव देख मेरे भाई ने उससे किनारा करना शुरू कर दिया। खुद से दूर होता देख पूजा शकुन पांडे ने मेरे भाई को फंसाने के प्रयास शुरू कर दिए। दो बार मेरे भाई को अज्ञात लड़कों से पिटवाया। अप्रैल 2025 में हमने इसकी शिकायत गांधी पार्क थाने में भी की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पूजा ने TVS बाइक खरीदने वाले एक कस्टमर से भाई के खिलाफ झूठी शिकायत करवाई। कुल मिलाकर वो चाहती थी कि मेरा भाई किसी भी तरह उसके पास ही रहे और दूर न जाए। बाइक शोरूम उद्घाटन के दिन से करने लगी मर्डर की प्लानिंग
आशीष ने बताया- हमने 21 अगस्त 2025 को TVS के ऑथोराइज्ड शोरूम का शुभारंभ किया। इसमें पूजा शकुन पांडे को मुख्य अतिथि बनाया, लेकिन वो नहीं आई। उसकी वजह ये थी कि वो इस शोरूम में पार्टनरशिप मांग रही थी और पापा ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया था। जब वो बाइक शोरूम उद्घाटन में नहीं आई तो अभिषेक ने 22 अगस्त को उसके सारे नंबर और वॉट्सऐप ब्लॉक कर दिए। इसके बाद से ही पूजा शकुन पांडे ने अभिषेक के मर्डर की प्लानिंग बनानी शुरू कर दी। महामंडलेश्वर बनते ही दिखावे का तलाक, रहते थे साथ-साथ
पूजा शकुन पांडे ने चौधरी चरण सिंह विवि मेरठ से गणित में पीएचडी की। यहीं उसकी मुलाकात मैनपुरी के अशोक पांडे से हुई। 2008 में दोनों ने घर से भागकर लव मैरिज कर ली। फिर पूजा गाजियाबाद के प्राइवेट कॉलेज में प्रोफेसर बन गई। 2012 में इसी कॉलेज की एक लड़की लव जिहाद में फंस गई। यहीं पूजा ने नौकरी छोड़ दी और एनजीओ बनाकर लव जिहाद के खिलाफ काम करने लगी। इसके एक साल बाद पूजा ने हिन्दू महासभा जॉइन की। 2017 में पारिवारिक जीवन से सन्यास लेते हुए पूजा ने पति अशोक पांडे से तलाक ले लिया। इसके बाद वो निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गई। सूत्र बताते हैं कि पूजा ने पति से सिर्फ दिखावे का तलाक लिया। आज तक भी दोनों एकसाथ रहते थे। अब इन्हीं के साथ अभिषेक भी रहता था। TVS बाइक शोरूम बंद करने के बाद अक्सर वो अलीगढ़ में पूजा शकुन के घर जाता था और वहीं रात गुजारता था। खुद फैमिली वाले कहते हैं कि अभिषेक का ज्यादातर टाइम पूजा शकुन पांडे के घर पर बीतता था। पूजा शकुन पांडे के पति अशोक पांडे को सितंबर 2024 में दोनों के अफेयर की बात पता चल गई थी। इस पर अशोक पांडे और अभिषेक गुप्ता का झगड़ा भी हुआ था। अभिषेक के हाथ पर काफी दिनों तक दांत के काटने का निशान बना रहा था। फैमिली का दावा है कि झगड़े में अशोक पांडे ने ही हाथ पर काटा था। …………… ये खबर भी पढ़ें… राजा भैया के हथियारों के जखीरे का VIDEO देखिए:दशहरे पर पूजा के बाद बोले-सारे शस्त्र हमारे; मेज पर सजाए 200 से ज्यादा हथियार विधायक राजा भैया ने दशहरे पर पत्नी भानवी सिंह को जवाब दिया। उन्होंने कुंडा के अपने बेंती महल में अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की। कहा- शस्त्र सारे हमारे हैं। जो हमारा है वो समर्थकों का है और जो समर्थकों का है वो हमारा है। राजा भैया के शस्त्र पूजन की वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। करीब 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों को टेबल पर सजाया गया है। पढ़िए पूरी खबर…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/O5dNr67