अंबेडकरनगर में सुहागिनों ने मनाया करवा चौथ का पर्व:चांद देखकर खोला निर्जला व्रत, पति की लंबी आयु की दुआ मांगी
अंबेडकरनगर में शुक्रवार को करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखा और देर शाम चांद का दीदार कर व्रत खोला। पूरे दिन महिलाओं ने अन्न-जल त्यागकर भगवान शिव-पार्वती और परिवार में सुख-समृद्धि के लिए लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना की। देर शाम जैसे ही चांद दिखाई दिया, सुहागिनों ने अपने पतियों की पूजा की। इसके बाद पतियों के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला। व्रत के बीच महिलाओं ने जमकर खरीदारी भी की। मेहंदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों में दिनभर भीड़ रही, वहीं कई संचालिकाओं ने घरों पर जाकर मेहंदी लगाई। जिले के अकबरपुर, जलालपुर, टांडा, आलापुर, भीटी सहित विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में करवा चौथ का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। दिन में महिलाओं ने मंदिरों और एक-दूसरे के घरों में जाकर करवा चौथ से जुड़ी कहानियां सुनीं। इस दौरान घरों में विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी बनाए गए। मान्यता है कि करवा चौथ का व्रत सती सावित्री के समय से शुरू हुआ था। कार्तिक शुक्ल पक्ष की चौथ के दिन जब यमराज सत्यवान के प्राण हर ले गए थे, तब सावित्री उनके पीछे गईं और अपने पति को वापस ले आईं। इसके बाद ही सावित्री ने मिट्टी के पात्र से जल ग्रहण किया था।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/vmwOA1R
Leave a Reply