हाथरस में ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ मैराथन:पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अन्य लोगों ने लिया भाग, सुबह शहर का रूट रहा डायवर्ट
हाथरस में ‘मिशन शक्ति अभियान-5.0’ के तहत ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ मैराथन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल से औद्योगिक क्षेत्र चौकी तक इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में 150 से अधिक छात्राओं और पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार और थाना प्रभारी हाथरस गेट सहित कई अधिकारी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने स्वयं भी इस मैराथन दौड़ में हिस्सा लिया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा। यह दौड़ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। मैराथन के माध्यम से समाज को महिला सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा, “जब एक बालिका दौड़ में भाग लेती है, तो वह केवल दौड़ नहीं रही होती, बल्कि वह अपने अधिकारों की ओर, अपने आत्मबल की ओर, अपने सपनों की ओर आगे बढ़ रही होती है।” उन्होंने ‘मिशन शक्ति’ को एक सामाजिक क्रांति बताया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और सशक्त बनाना है। विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा में समाज की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जब तक समाज के हर वर्ग की सहभागिता नहीं होगी, कोई भी प्रयास पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने छात्राओं से निर्भीक होकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया और आश्वासन दिया कि प्रशासन और पुलिस उनके साथ हैं। इस दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/2t194Wo
Leave a Reply