सिद्धार्थनगर के किसान मखाना खेती प्रशिक्षण के लिए रवाना:दरभंगा में सीखेंगे उन्नत तकनीक, आय बढ़ाने की पहल

सिद्धार्थनगर से किसानों के एक दल को मखाना खेती के प्रशिक्षण के लिए सोमवार को रवाना किया गया। केंद्र की ‘सपोर्ट टू स्टेट एक्सटेंशन वर्ष 2025-26 (आत्मा)’ योजना के तहत ये किसान बिहार के दरभंगा स्थित राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने कलेक्ट्रेट परिसर से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाएंगे। मखाना की खेती किसानों के लिए आय का नया स्रोत डीएम ने बताया कि मखाना की खेती किसानों के लिए आय का नया स्रोत बन सकती है। यह जनपद में बार-बार आने वाली बाढ़ की स्थिति में भी लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि मखाना की खेती में कम निवेश पर अधिक लाभ के अवसर हैं। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। डॉ. गणपति ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित किसान अपने ज्ञान को अन्य किसानों के साथ साझा कर मखाना खेती को लोकप्रिय बनाने में मदद करेंगे। नई तकनीक और खेती के उन्नत तरीकों से अवगत उप कृषि निदेशक राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि सरकार किसानों को नई तकनीक और खेती के उन्नत तरीकों से अवगत कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मखाना की खेती में वैज्ञानिक विधियों का उपयोग कर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बढ़ाई जा सकती हैं। जिला कृषि अधिकारी मु. मुजम्मिल ने किसानों को प्रशिक्षण के दौरान मखाना की रोपाई, जल प्रबंधन, पोषण, कीट एवं रोग नियंत्रण और विपणन से संबंधित विस्तृत जानकारी दिए जाने की बात कही। गांवों में मखाना की खेती को बढ़ावा कार्यक्रम में कृषि विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने और अपने गांवों में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने दोहराया कि मखाना की खेती जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी, क्योंकि इसे जलभराव वाले इलाकों में आसानी से उगाया जा सकता है। किसानों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कहा कि मखाना की खेती से उनकी आमदनी में वृद्धि होगी और पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम होगी। वे प्रशिक्षण में सीखकर अपने गांव में किसानों को मखाना की खेती के फायदे और उन्नत तकनीक के बारे में जानकारी देंगे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZCO41bM