साले-साली को चाकू से गोदकर मार डाला:साली से शादी करना चाहता था बहनोई; प्रयागराज में मां बोलीं- अगले महीने बेटे की शादी थी
साली से एकतरफा प्यार में जीजा ने डबल मर्डर कर दिया। उसने साले से दूसरी शादी की रजामंदी चाही। नाराज साले ने जीजा को पीट दिया। इसके बाद जीजा ने चाकू से साले और साली को मार डाला। दोनों को तब तक चाकू मारे, जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं। गुस्से में जीजा ने अपनी सास पर भी चाकू से हमला किया। उनके हाथ और पेट पर घाव हो गए। पुलिस ने जीजा को अरेस्ट कर लिया है। यह वारदात गुजरात के सूरत में अंजाम दी गई। शनिवार को भाई-बहन का शव 1470 Km दूर सोरांव (प्रयागराज) लाई गई। गांव में निश्चय और उसकी छोटी बहन ममता का अंतिम संस्कार किया गया। निश्चय गुवाहाटी में स्टेनो की जॉब करता था। उसकी नवंबर, 2025 में शादी होनी थी। शादी की खरीदारी के लिए परिवार गुजरात गया था। परिवार के 2 लोगों को मार देने की इस कहानी को और करीब से समझने के लिए दैनिक भास्कर टीम प्रयागराज से 25 km दूर सोरांव के बढ़ैया गांव पहुंची। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… 2 बहनों की शादी गुजरात के 2 भाइयों से हुई
घर के बाहर गांव की महिलाओं का जमावड़ा था। परिवार के लोग बिलख रहे थे। घर के बाहर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि किसान अशोक कुमार के बेटे निश्चय (24) की नवंबर में शादी होनी थी। इसकी खरीदारी के लिए अशोक की पत्नी शकुंतला देवी, छोटी बेटी ममता और बेटा निश्चय अपने दामाद संदीप के पास गुजरात गए थे। निश्चय स्टेनो के पद पर गुवाहाटी में तैनात था। गुजरात में निश्चय की दो बहनों की शादी हुई थी। बड़ी बहन वर्षा की शादी संदीप से हुई थी और छोटी बहन प्रभा की शादी संदीप के भाई राहुल से हुई। संदीप गौड़ एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। हत्या के वक्त क्या हुआ, ये जानिए मां बोलीं- संदीप 4 दिन शॉपिंग करवाता रहा, 8 अक्टूबर को झगड़ा हुआ
घर में हमारी मुलाकात निश्चय की मां शकुंतला से हुई। पूरे मामले को समझने के लिए हमने बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। पूछा- आप लोग गुजरात क्यों गए थे? शकुंतला ने कहा- मेरी बड़ी बेटी को बच्चा हुआ था। निश्चय की भी शादी तय हो गई थी। उसकी खरीदारी करनी थी। इसलिए हम लोग 4 अक्टूबर को गुजरात गए थे। पहले 4 दिन सब कुछ ठीक रहा। सब हंस-बोल रहे थे, कोई विवाद जैसी स्थिति नहीं थी। फिर 8 अक्टूबर को घर में झगड़ा हुआ। दामाद संदीप ने पूरे परिवार के सामने कहा कि निश्चय की शादी के बाद मैं दोबारा शादी करूंगा। ये सुनकर हम लोग चौंक गए। बड़ी बेटी वर्षा रोने लगी। मेरे बेटे निश्चय ने कहा- मेरी एक बहन का घर उजाड़कर तुम अपना घर बसाने की बात करते हो। तब संदीप ने कहा- मैं तुम्हारी छोटी बहन ममता से प्यार करता हूं। कहासुनी के बीच निश्चय को गुस्सा आ गया। उसने अपने जीजा को एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद संदीप गुस्से में किचन की तरफ गया और चाकू उठा लाया। उसने पहले निश्चय पर ताबड़तोड़ चाकू मारे। फिर मेरी बेटी ममता का गला रेत दिया। हम लोग अवाक रह गए। सब देख कर मैं बीच में आ गई, तो मुझ पर भी हमला कर दिया। बड़ी बहन वर्षा की बात मेरे बच्चों के सामने उसने बहन-भाई को काट डाला
वर्षा कहती हैं- पता नहीं संदीप को क्या हो गया था? वह 2 दिन तक सबको मार्केटिंग करवाता रहा। मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि उसके दिमाग में क्या चला रहा? मेरे छोटा भाई की गलती ही क्या थी? उसकी बहन का घर बर्बाद करने की बात हो रही थी। संदीप ने चाकू से उसको और मेरी बहन को मूली-गाजर की तरह काट डाला। उसने हमारे बच्चों के सामने सबको मार डाला। हम कुछ नहीं कर पाए। मैं अपने भाई-बहन को बचा नहीं पाई। हमने पूछा- क्या आपको पता था कि संदीप आपकी छोटी बहन को प्यार करता है? वर्षा ने कहा- वो पहले ममता से नॉर्मल बातचीत करता था। जब ममता को कुछ गलत लगा, तो उसने बात करना बंद कर दिया। फिर संदीप उसको धमकाने लगा। शादी करने का प्रेशर बनाने लगा। फिर तो वो कातिल बन गया। छोटी बहन प्रभा की बात कहा- 2 मिनट में 2 जिंदगी खत्म हो गईं
प्रभा कहती हैं- मैं भी वहां थी, मेरे जीजा सबके सामने बैठे थे। अचानक जीजा ने दोबारा शादी करने की बात कह दी। ममता ने साफ कहा कि हम आपसे शादी नहीं करेंगे। दीदी से शादी की है, तो उसको निभाइए। फिर संदीप ने 2 मिनट में ही ऐसा रूप दिखाया कि हम सब अभी तक डरे हुए हैं। 2 मिनट में उसने सब कुछ खत्म कर दिया। मेरे भैया वहीं खत्म हो गए। मेरी बहन घायल होकर गिर पड़ी, तो संदीप चाकू मारता रहा। एक महीने बाद मेरे भैया की शादी थी। अब इस घर में खुशियां नहीं आएंगी। सिर्फ मातम ही मातम है। अब वो बयान, जो दामाद संदीप ने गुजरात पुलिस को दिया… डबल मर्डर के आरोप में संदीप को सूरत के उधना थाने की पुलिस ने अरेस्ट किया है। कस्टडी में संदीप ने बयान दिया- पिछले 3 साल से उसका और ममता का अफेयर चल रहा था। मैं शादी के लिए कह रहा था, लेकिन अब ममता का मन बदल गया था। वो मुझे धोखा दे रही थी। इसलिए पहले मैंने पूरे परिवार के सामने उससे शादी करने की इच्छा जाहिर की। मगर फिर जब साले निश्चय ने मुझ पर हाथ उठाया, तो मुझसे रहा नहीं गया। मैंने निश्चय और ममता, दोनों को मार डाला। ——————————— ये खबर भी पढ़ें : गाजियाबाद में तलाक न देने पर पति की हत्या, पत्नी ने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बनाया प्लान गाजियाबाद में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। पत्नी की तीन साल से एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह अपने पति से तलाक मांग रही थी। लेकिन पति तलाक देने से मना कर रहा था। पढ़िए पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/rR5Jxfs
Leave a Reply