सहारनपुर एसबीडी हॉस्पिटल चुनाव में बाबूराम कश्यप गुट की जीत:संजय कुमार ढिलोंर बने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष

सहारनपुर के एसबीडी हॉस्पिटल में रविवार शाम को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इसमें बाबूराम कश्यप गुट के सभी प्रत्याशी विजयी रहे। अध्यक्ष पद पर संजय कुमार ढिलोंर ने 100 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकज कुमार को 77 मत मिले, जबकि आलोक कुमार को 1 मत मिला। इस पद के लिए 11 मत निरस्त हुए। महामंत्री पद पर सुशील कुमार भारती ने 92 मतों के साथ नाथीराम (83 मत) को हराया। महामंत्री पद की मतगणना में 14 मत निरस्त किए गए। कोषाध्यक्ष पद पर रूपराम ने 102 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि सुशील कुमार चौहान को 68 मत मिले। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों ने विजयी प्रत्याशियों का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। मिठाइयां भी बांटी गईं। विजयी उम्मीदवारों ने कर्मचारियों के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा और संगठन हर कर्मचारी के साथ खड़ा रहेगा। बाबूराम कश्यप ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने उन पर भरोसा जताया है, और अब विजयी प्रत्याशियों का कर्तव्य है कि वे सभी कर्मचारियों का साथ दें तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहें।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/lLQHCpc