सपा गुंडे-माफियाओं और लुच्चे-लफंगों को पल्लवित करने वाली पार्टी-डिप्टी सीएम:आज बेटियां रात 12 बजे भी जा सकती है, यूपी में सिर्फ कानून का राज

बरेली पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा गुंडे-माफियाओं और लुच्चे-लफंगों को पल्लवित करने वाली पार्टी है, जो जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 से पहले यूपी जंगलराज में था, बेटियां असुरक्षित थीं, दंगे होते थे। लेकिन योगी सरकार में कानून का राज कायम हुआ है और जनता विकास देख रही है। कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा संविधान से चलने वाली पार्टी है, जबकि विपक्ष सिर्फ सत्ता की भूख में जनता को गुमराह करता है। प्रश्न: अखिलेश यादव कहते हैं कि यूपी में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है?
उत्तर: अखिलेश यादव सच्चाई जानते हुए भी आंख मूंदकर शुतुरमुर्ग की तरह सच छुपा रहे हैं। 2017 से पहले प्रदेश में जंगलराज था। गुंडे-माफिया प्रशासन पर कब्जा कर जनता को प्रताड़ित कर रहे थे। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। एक हजार से ज्यादा दंगे हुए। आज योगी के नेतृत्व में बेटियां रात 12 बजे भी सुरक्षित घर से बाहर निकल सकती हैं। यही फर्क है सपा और भाजपा में। प्रश्न: 2017 से पहले बिजली और विकास की स्थिति कैसी थी?
उत्तर: तब बिजली कभी दिन में, कभी रात में आती थी। पानी की किल्लत इतनी थी कि बुंदेलखंड और विंध्याचल में ट्रेन से पानी भेजना पड़ता था। सड़कें टूटी थीं, स्कूल और अस्पताल बदहाल। आज यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य है। गांव-गांव तक बिजली है, पानी उपलब्ध है। भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के आधार पर जनता का भरोसा जीता है। प्रश्न: विपक्ष यूपी पुलिस के एनकाउंटर पर सवाल उठा रहा है?
उत्तर: क्या विपक्ष चाहता है कि अपराधी फलें-फूलें? गोरखपुर में जिस युवक की हत्या हुई, उसके आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा और जेल भेजा। अपराधी का कोई धर्म या जाति नहीं होता। वह सिर्फ अपराधी होता है और उसे सख्त सजा मिलनी ही चाहिए। भाजपा की सरकार अपराधियों से कोई समझौता नहीं करेगी। प्रश्न: गौवंश और अवैध बूचड़खानों पर सरकार का रुख?
उत्तर: सपा सरकार के समय अवैध स्लॉटर हाउस खुलेआम चलते थे। गोमाता और नंदी सीधे बूचड़खानों में भेजे जाते थे। आज यूपी सरकार 12 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश का प्रबंधन कर रही है। कसाइयों को बख्शा नहीं जाएगा। बरेली सहित पूरे प्रदेश में आवारा गोवंश को गोशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने योजनाएं चलाई हैं, जिनसे पशुपालकों को आर्थिक मदद सीधे खाते में मिल रही है। प्रश्न: राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर आपकी टिप्पणी?
उत्तर: राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों ही राजकुमार हैं। दोनों को जनता का दर्द नहीं पता। कांग्रेस ने 70 के दशक में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन गरीबों की हालत नहीं सुधरी। आज मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। देश आत्मनिर्भर बन रहा है, रक्षा, अंतरिक्ष और चिकित्सा विज्ञान में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। प्रश्न: कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा का पाकिस्तान को लेकर बयान?
उत्तर: पाकिस्तान को अपना घर बताना बेहद शर्मनाक है। जिन आतंकियों ने हमारे लोगों को मौत के घाट उतारा, उनके सामने ऐसे बयान देना देश का अपमान है। कांग्रेस पार्टी को इस पर जनता से माफी मांगनी चाहिए। प्रश्न: पास्को एक्ट और बेटियों की सुरक्षा पर क्या कहेंगे?
उत्तर: भाजपा सरकार ने बेटियों और बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए हैं। पास्को एक्ट के तहत 6 महीने से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा दी जा रही है। एनसीआरबी के आंकड़े गवाह हैं कि आज यूपी में कानून का राज है। प्रश्न: क्या भाजपा भी जातिवाद और तुष्टीकरण करती है?
उत्तर: भाजपा संविधान से चलने वाली पार्टी है। सपा और कांग्रेस सिर्फ जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करती हैं। सपा सरकार में सरकारी पैसे से सैफई में फिल्मी कलाकार बुलाकर नाच-गाना करवाया जाता था। जनता से उनका कोई सरोकार नहीं था। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास पर काम करती है। यही वजह है कि यूपी की जनता मोदी-योगी की जोड़ी पर भरोसा करती है। बृजेश पाठक ने कहा-
“समाजवादी पार्टी गुंडे-माफियाओं और लुच्चे-लफंगों को पल्लवित करने वाली पार्टी है। ये तुष्टीकरण करके किसी भी तरह सत्ता पाना चाहते हैं। यह केवल जाति आधारित और परिवार केंद्रित पार्टी है। जबकि भाजपा संविधान से चलने वाली पार्टी है, जो जनता के भरोसे पर आगे बढ़ रही है।”

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर