संभल में मुस्लिम समाज खुद तोड़ रहा मस्जिद:3 घंटे में ऊपर का हिस्सा तोड़ा, बुलडोजर खराब हुआ तो काम रुका
संभल में तालाब पर बनी अवैध मस्जिद को मुस्लिम समुदाय और कमेटी ने खुद बुलडोजर मंगवाकर तुड़वाया। दोपहर करीब 3 बजे एक बुलडोजर मंगाया गया। शाम 6 बजे तक 3 घंटे में मस्जिद के ऊपर का हिस्सा तोड़ा गया। मुतवल्ली मिंजार हुसैन ने बताया- आज बुलडोजर खराब हो गया था। इसलिए काम बंद हो गया। कल नीचे का हिस्सा तोड़ा जाएगा। पिछले 3 दिनों से छेनी-हथौड़ी से ऊपरी हिस्से को तोड़ने का काम चल रहा था। नीचे का हिस्सा मजबूत होने के कारण आज बुलडोजर मंगवाया गया। 2 अक्टूबर को प्रशासन बुलडोजर लेकर मस्जिद तोड़ने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों से डीएम ने खुद तोड़ने के लिए 4 दिन की मोहलत मांगी थी। मस्जिद के मुतवल्ली मिंजार हुसैन ने शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट की अर्जेंट बेंच में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने कहा था- ध्वस्तीकरण पर रोक लगाई जाए। शनिवार को करीब सवा घंटे कोर्ट में याचिका पर सुनवाई भी हुई थी। हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। मामले में निचली अदालत में याचिका दाखिल करने को कहा था। इसके बाद मुस्लिम समुदाय और मस्जिद कमेटी ने खुद मस्जिद तोड़ने का फैसला लिया। अब सिलसिलेवार पढ़िए मामला… मस्जिद तोड़ते समय बुलडोजर खराब हो गया
मुतवल्ली मिंजार हुसैन ने बताया- हाईकोर्ट में याचिका खारिज हो गई। उन्होंने कहा की निचली अदालत में जाओ। हम निचली अदालत में नहीं जाएंगे, हम तो तोड़ रहे हैं। आज हमने बुलडोजर को तुड़वाने के लिए बुलाया है। छेनी हथौड़ी से टूट नहीं रही थी। बहुत मजबूत है। 10 से 15 लेबर लगे हैं। ऊपर का सारा हिस्सा हमने तोड़ दिया, अब बुलडोजर भी खराब हो गया है। आगे जितना हिस्सा बचा उसे तोड़ेंगे। कहीं जमीन लेकर नक्शा पास कराकर लीगल तरीके से मस्जिद बनाएंगे। सरकार इजाजत देगी तो बनाएंगे, सरकार से तो यही मांग करते हैं कि हम जमीन ले लेंगे, नक्शा पास कर दें, हमें इजाजत दे दें, मैरिज हॉल तो सभी के लिए था, कोई भी आकर शादी कर ले, अब करेंगे जैसे भी होगा। ग्रामीण जीशान ने बताया कि हमारा कोई विरोध नहीं है। खुद ही हमने जेसीबी मंगाकर मस्जिद को ढहाने का काम शुरू कराया। किसने कितना समय दिया, इसकी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन आज मस्जिद को तोड़ने का काम किया जा रहा है। लोग बोले- छुट्टी के दिन मैरिज हॉल तोड़ा गया
2 अक्टूबर को डीएम से मोहलत मिलते ही मस्जिद को लोगों ने खुद तोड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को भी जुमे की नमाज के बाद कुछ लोगों ने मस्जिद को तोड़ा था। इसी बीच शुक्रवार को ही मुस्लिम पक्ष हाईकोर्ट पहुंच गया। याचिका में कहा था- मैरिज हॉल को ध्वस्त कर दिया गया है। ध्वस्तीकरण के लिए दो अक्टूबर गांधी जयंती और दशहरे की छुट्टी का दिन चुना गया। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भीड़ की वजह से कोई बड़ा हादसा या बवाल भी हो सकता था। मस्जिद का नाम गौसुलबरा है। यह संभल जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर, असमोली क्षेत्र के राया बुजुर्ग गांव में बनी हुई है। बुलडोजर एक्शन पर सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा- मैं लोगों से अपील करता हूं कि मस्जिद पर खुद कोई हथौड़ा न चलाएं। अगर कुछ गलत हो रहा तो कानून का सहारा लें। पुलिस और प्रशासन जो कर रहा, उसे करने दें। 10 साल पहले बनाई गई थी मस्जिद
तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, 550 वर्ग फीट की मस्जिद का 10 साल पहले निर्माण हुआ था। गांव के ही मिंजार हुसैन ने इसका निर्माण करवाया था। वह मस्जिद का मौलाना भी है। जिले में अवैध अतिक्रमण को लेकर जो सर्वे किया जा रहा है, उसमें ही मस्जिद और मैरिज हॉल का पता चला था। इसके बाद 2 सितंबर को अवैध कब्जे को हटाने के लिए नोटिस दिया गया था। 13 सितंबर को सरकारी भूमि पर बने मैरिज हॉल और मस्जिद पर लाल निशान लगाए गए थे। इसके बाद मैरिज हॉल को गिराया गया। ————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- रायबरेली में युवक की पीट-पीटकर हत्या का नया वीडियो: मरते वक्त युवक चीखकर बोला- राहुल गांधी…, भीड़ ने कहा- यहां सब बाबा वाले हैं रायबरेली में शुक्रवार को ड्रोन चोर के शक में भीड़ ने पीट-पीटकर एक युवक को मार डाला। इस पूरी घटना का एक नया वीडियो सामने आया है। जिसमें युवक मार खाते हुए राहुल गांधी का नाम लेता है। इस पर भीड़ में से एक शख्स ने कहा-यहां सब ‘बाबा’ वाले हैं। इसके बाद उसे बेरहमी से पीटते रहे। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fv5BERg
Leave a Reply