लखनऊ में सुबह से मौसम साफ:मानसून में 2 फीसदी अधिक बरसात हुई, उमस भरी गर्मी परेशान करेगी
लखनऊ में सुबह हल्की धुंध छाई है। इसके बाद तेज चटक धूप निकल आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। दिन में उमस भरी गर्मी का असर बना रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा है। दिन में उमस भरी गर्मी बनी रही। सुबह से ही तेज चटक धूप निकली। सुबह और शाम के समय में हल्की ठंडी हवा का असर भी रहा। कुछ दिनों का मेहमान मानसून मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 14 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से वापसी शुरू हुई। अब प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने। निचले क्षोभ मंडल में व्याप्त शुष्क पछुआ/उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से कुछ जगहों पर छिटपुट बूंदा-बांदी को छोड़कर आगामी 3-4 दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। उन्होंने बताया- इस दौरान पश्चिमी यूपी से मानसून वापस लौट गया है। बंगाल की खाड़ी में हो रही हलचल के परिणामस्वरुप 25 सितंबर से पूर्वांचल में फिर से कहीं-कहीं बूंदा-बांदी के साथ छिटपुट बारिश होने और 26 सितंबर को इसके प्रदेश के मध्यवर्ती एवं क्षेत्र के बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 30 सितंबर तक मानसून पूरी तरह से वापस लौट जाएगा। लखनऊ में सामान्य से 2 फीसदी अधिक बरसात लखनऊ में मानसून के दौरान अभी तक सामान्य से 2 फीसदी अधिक बरसात हुई है। जून से लेकर 21 सितंबर तक 661.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस दौरान सामान्य बारिश का औसत 649.2 मिलीमीटर है। सितंबर में लखनऊ में बारिश का औसत 129.9 मिलीमीटर रहा है। इस दौरान कुल बारिश 118.5 मिलीमीटर हुई है। यह सामान्य से 9 मिलीमीटर कम रही है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply