लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय छावनी में तब्दील:पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष को फतेहपुर जाने से रोका, अजय राय बोले- गोली चलेगी तब भी जाएंगे

लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय शनिवार को छावनी में तब्दील हो गया। दरअसल, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष फतेहपुर जाने वाले थे। उनके जाने से पहले पुलिस ने बड़ी-बड़ी बैरिकेडिंग कर उनके काफिले को रोक दिया। रोके जाने से पहले अजय राय ने कहा था- चाहे गोली चलवा दी जाए, हम मृतक दलित के घर सांत्वना देने जाएंगे। अजय राय प्रदेश मुख्यालय के अंदर ही हैं और बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। कार्यालय के आसपास जमा हो रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी के खिलाफ नारे लगाए। अजय राय रायबरेली में भीड़ की ओर से मारे गए दलित युवक के घर फतेहपुर जाने वाले थे। 3 तस्वीरें देखिए… ‘हम पर गोली चल जाए रुकेंगे नहीं’ अजय राय ने पार्टी मुख्यालय से बाहर निकलने से पहले कहा- इस सरकार में दलितों का उत्पीड़न बेइंतहा बढ़ गया है। लगातार संविधान पर हमला हो रहा है और दलितों का अत्याचार हो रहा है। हमने घोषणा की थी कि हरिओम वाल्मीकि के घर जाएंगे तो जाएंगे। उनके परिजनों से मिलकर आर्थिक मदद करेंगे और उनका सहयोग करेंगे। न्याय दिलाने भरोसा दिलाएंगे। दलित विरोधी सरकार ने चारों तरफ पुलिस फोर्स और बैरिकेडिंग लगा दी है। पुलिस हमें गिरफ्तार करें या गोली चलवाए मगर हम जाएंगे। हम कांग्रेसी लोग रुकने वाले नहीं हैं संघर्ष करेंगे आगे बढ़ेंगे। राय मीडिया को यह बताकर बढ़े ही थे कि मुख्यालय के बाहर सड़क पर भारी पुलिस बल तैनात मिला। यह देखते ही अजय राय वहीं सड़क पर बैठ गए। 5 दिन पहले भी अजय राय फतेहपुर जाकर परिवार से मिले थे मृतक हरिओम के परिजनों से मिलने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष फतेहपुर 5 दिन पहले भी पहुंचे थे। वहां मीडिया से बात की। अजय राय ने कहा- युवक को बेरहमी से मारा गया। यह जंगलराज की सरकार है जो योगी बाबा की चल रही है। मार भी रहे हैं और कह रहे हैं कि हम बाबा वाले हैं। हरिओम की हत्या इस वजह से की गई कि उसने राहुल गांधी का नाम लिया, इस सवाल पर अजय राय ने कहा- आरोपियों ने कहा था, ‘हम बाबा वाले हैं’। उस बच्चे ने राहुल जी का नाम लिया था। राहुल जी का हर एक कार्यकर्ता, हर एक बब्बर शेर, पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हमारे नेता ने भी पीड़ित परिवार से बात की है। हम उन्हें न्याय दिलाएंगे। जो लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और लोगों को मार रहे हैं, वे किसी भी तरह बख्शे नहीं जाएंगे। रायबरेली जिले में दलित युवक हरिओम की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना पर रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने संज्ञान लिया। उन्होंने मृतक के पिता और भाई से फोन पर बात कर उनकी पीड़ा सुनी और सांत्वना दी। राहुल गांधी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि दलित समाज पर इस तरह की निर्दयता और अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एससी-एसटी एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 11 गिरफ्तार रायबरेली पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के अनुसार, दलित युवक को चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या मामले में 11 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई है। इन आरोपियों में वैभव सिंह, विपिन मौर्या उर्फ अनुज मौर्या, विजय कुमार, सहदेव, सुरेश कुमार भी शामिल हैं। ये सभी डांडेपुर और जमुनापुर निवासी हैं और गुलरिहा तिराहा से पकड़े गए। उनके पास से दो चमड़े की बेल्ट, शर्ट, यूकेलिप्टस का डंडा और बनियान बरामद हुई। आरोपियों में 5 हरिजन, 2 सामान्य जाति और 2 पिछड़ा वर्ग के हैं। —————————– इसे भी पढ़िए… राहुल बोले-रायबरेली में इंसान नहीं, संविधान की हत्या:भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण; दलित युवक की पीटकर हत्या, मार खाते हुए राहुल का नाम लिया था रायबरेली में मॉब लिंचिंग को लेकर राहुल गांधी ने कहा- दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। देश में नफरत, हिंसा और भीड़ तंत्र को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। राहुल ने मंगलवार को X पर लिखा- संविधान की जगह बुलडोजर ने ले ली है, इंसाफ की जगह डर ने, लेकिन यह देश संविधान से चलेगा, भीड़ की सनक से नहीं। भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है। मैं परिवार के साथ खड़ा हूं। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। (पूरी खबर पढ़िए)

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/qOCKsSj