लखनऊ में कांग्रेस ने वोट चोर को रावण बताया:होर्डिंग में राहुल को बनाया श्रीराम; डिप्टी सीएम बोले- देश माफी मांगें, राजभर ने कहा- ये नौटंकी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर दशहरे पर विवादित होर्डिंग लगा दिया गया। इस पर वोट चोर को रावण बताया गया है। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भगवान श्रीराम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया है। राहुल गांधी वोट चोर को तीर मारते दिखाए गए हैं। इस होर्डिंग के बाद राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है। होर्डिंग पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आपत्ति की है। उन्होंने कहा- जिसने भी ऐसा किया हो उसे राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि ये लोग राम के अस्तित्व को नकारते आए हैं। इन्हीं को राम के रूप में दिखा दिया। कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- राहुल गांधी श्रीराम के दर्शन करने आज तक अयोध्या नहीं गए। उन्हें श्रीराम के रूप में दर्शाकर ये लोग केवल नौटंकी कर रहे हैं। इन्हें माफी मांगनी चाहिए। होर्डिंग पर क्या है… होर्डिंग पर महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ED, वोट चोर, EC चुनाव आयोग, CBI, बेरोजगारी, पेपर लीक और तानाशाही को रावण का 10 सिर दिखाया गया है। भगवान श्रीराम के स्वरूप में राहुल गांधी इन सिरों पर तीर चलाते दिखाए गए हैं। NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने यह होर्डिंग लगवाया है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ही महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ED, वोट चोर, EC चुनाव आयोग, CBI, बेरोजगारी, पेपर लीक और तानाशाही जैसे गंभीर मुद्दों से जनता को बचाएंगे। दशहरा के मौके पर लगाई गई होर्डिंग आर्यन मिश्रा की ओर से दशहरे पर लगवाई गई यह होर्डिंग शुक्रवार सुबह देखी गई। लोगों का कहना है कि दशहरा के मौके पर रात में होर्डिंग लगाया गया है। सुबह इस ओर से गुजरने वाले लोगों की इस पर नजर पड़ी। लोगों ने बड़ी उत्सुकता के साथ इसे देखा। कई लोगों ने मोबाइल फोन में इसके फोटो-वीडियो भी बनाए। अजय राय बोले- रावण के 10 सिर में लिखे मुद्दे गंभीर हैं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए कहा रावण के 10 सिर में जो मुद्दे लिखे गए हैं। वह बहुत ही गंभीर हैं। जितनी भी बातें लिखी गई हैं वह सही हैं और मौजूदा हालात को बयां कर रही हैं। इस समस्याओं से जनता परेशान हैं। जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहा है, सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सोमन वांगचुक को ही देख लीजिए। वह सरकार की असलियत और अडाणी की कारस्तानी सामने लेकर आए। उनको बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार दिनोंदिन महंगाई बढ़ा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता ने होर्डिंग लगाकर जो भाव प्रकट किया गया है, वह बिल्कुल सही है। वोट चोरी से लेकर ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग तक महंगाई आज की डेट इतनी हो गई है कि लोग परेशान हैरान हैं। ब्रजेश पाठक बोले- कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए
कांग्रेस के होर्डिंग पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा- लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में चित्रित करने वाला एक पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर लगाने वाले को यह नहीं पता कि वह भगवान राम का विरोध करने वाले राहुल गांधी से तुलना कर रहा है। उन्होंने कहा- राहुल गांधीजी, कृपया अपनी पार्टी के नेताओं को अपना चरित्र बताइए- कि आप उन्हीं कांग्रेस नेताओं में से एक हैं जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व को मानने से इनकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया था। आपको देश से माफी मांगनी चाहिए। देश आपको कभी माफ नहीं करेगा। ‘जो भगवान राम के दर्शन करने नहीं गया, उसके लिए नौटंकी’
प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने कहा- “जो भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या नहीं गया, जो चुनाव के दौरान अलग-अलग रूप धारण करके वोट पाने के लिए घूमता रहा। वह कहीं मुसलमान, कहीं ईसाई, कहीं हिंदू, कहीं सिख बन गया। ये लोग ड्रामेबाज हैं… इन्हें समाज से माफी मांगनी होगी। ये जो कर रहे हैं वह गलत है। ———————— यह खबर भी पढ़िए… डिप्टी सीएम के स्टाफ को इंस्पेक्टर ने पीटा:लखनऊ में क्राइम ब्रांच में तैनात है आरोपी; बेटों ने रॉड से मारा, बेटी से बदतमीजी की लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के कार्यालय में तैनात कर्मचारी रवींद्र शुक्ला पर जानलेवा हमला हुआ। नशे में धुत युवक ने उनकी कार को टक्कर मारी। उसके बाद बेटों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। उनकी बेटी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। आरोपी लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर है। पूरी खबर पढ़ें
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/0QBAkxt
Leave a Reply