रावण का पुतला दहन, रामलीला मैदान गूंजा:161वीं श्रीरामलीला में हुआ कुंभकरण और रावण वध का मंचन

लखीमपुर में चल रही 161वीं ऐतिहासिक श्रीरामलीला में बुधवार को रावण के 70 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। इससे पहले रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की लीला के साथ लंका दहन, कुंभकरण वध और रावण वध का मंचन हुआ। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम ने पहले कुंभकरण का वध किया। इसके बाद राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ, जिसमें रावण के शौर्य और श्रीराम की मर्यादा का प्रदर्शन किया गया। रावण वध होते ही पूरा रामलीला मैदान “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। दर्शक भाव-विभोर हो गए। मंचन समाप्त होने के बाद रामलीला मैदान में करीब 70 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी भी हुई, जिसका हजारों श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने आनंद लिया। सेठ गया प्रसाद ट्रस्ट के सरवराहकार विपुल सेठ एडवोकेट ने बताया कि लखीमपुर की यह रामलीला 161 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही है। यह शहर की सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज तक बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश पहुंचाना है। रामलीला मैदान में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखा गया। मंचन और दहन देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल मुस्तैद रहा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FlC2zYo