रामपुर में छात्रा बनीं एक दिन की DM-SP:मिशन शक्ति के तहत अधिकारियों ने समझाई प्रशासनिक-पुलिस व्यवस्था
रामपुर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत दो छात्राओं को एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया। कक्षा 11 की छात्रा नाफेआ बी ने जिलाधिकारी का पद संभाला, जबकि कक्षा 12 की छात्रा शगुन को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों छात्राओं को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के बारे में विस्तार से समझाया। एक दिन की डीएम और एसपी बनने पर छात्राओं ने इसे उत्तर प्रदेश सरकार का लड़कियों को आगे बढ़ाने का प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा। पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खुर्शीद की छात्रा नाफेआ बी ने सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में मिशन शक्ति को महिलाओं को सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इसने लड़कियों की शिक्षा में अहम भूमिका निभाई है। नाफेआ ने माता-पिता से बेटियों को अधिक से अधिक शिक्षा दिलाने और अधिकारियों से इस दिशा में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पहल लड़कियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक व्यवस्था की समझ विकसित करती है, जिससे वे भविष्य में बेहतर नागरिक बन सकेंगी। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए भेजा। जिलाधिकारी जोगिन्धर सिंह ने कहा कि बालिकाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने से उनका मनोबल बढ़ता है। उन्होंने बताया कि यह समाज में संदेश देता है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वहीं, राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज की छात्रा शगुन ने एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक का पद संभाला। उन्होंने जनसुनवाई में एसपी के रूप में जनता की समस्याओं को सुना। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने छात्रा शगुन का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/6noVRej
Leave a Reply