मिशन शक्ति अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई:एंटी रोमियो स्कवाड एक्टिव, स्कूल-कॉलेज और बाजारों में हुई चेकिंग

मेरठ रेंज में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी के निर्देशन में यह विशेष अभियान 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2025 तक चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जन जागरूकता बढ़ाना था। अभियान के दौरान मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत सहित परिक्षेत्र के चारों जनपदों में एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहा। स्क्वाड ने 2474 स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग की, जिसमें 33,489 लोगों की जांच की गई। इस कार्रवाई में 110 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 87 अभियोग पंजीकृत किए गए। इसके अतिरिक्त, 24,171 लोगों को चेतावनी दी गई और 865 के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहनों की जांच में भी सख्ती बरती। कुल 2134 स्थानों पर चेकिंग के दौरान 32,089 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 277 वाहनों से काली फिल्म, 85 से हूटर, 27 से बत्ती और 977 वाहनों से जाति व शासकीय सूचक शब्द हटाए गए। 3,095 वाहनों का चालान किया गया और 36 को सीज किया गया। हापुड़ और बुलंदशहर में तीन मुकदमे दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। 1,953 स्थानों पर 30,287 वाहनों की चेकिंग की गई। मेरठ और बुलंदशहर में दो-दो मुकदमे दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 271 वाहनों का चालान किया गया और 22 वाहनों को सीज किया गया। महिला बीट अधिकारियों ने 991 ग्राम और वार्डों का भ्रमण कर 243 घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं की पहचान की। इनमें से 187 महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई गई। वर्ष 2025 में जेल से रिहा हुए 511 महिला अपराधियों का भी सत्यापन किया गया, जिनमें से 317 पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत 302 संवेदनशील स्थानों पर 760 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके साथ ही, ब्रह्मपुरी, डिबाई, अनूपशहर, बागपत और हापुड़ नगर सहित पांच सर्किलों में परिवार परामर्श केंद्र और शिशु गृह (Creche) स्थापित किए गए हैं, जहां 18 परामर्शदाताओं को नियुक्त किया गया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/3GDeifL