भाजपा विधायक अजय सिंह ने सीएम योगी से मिले:गोंडा मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की मांग, कई योजनाओं को लेकर दिया प्रस्ताव

गोंडा के करनैलगंज से भाजपा विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास, पांच कालिदास मार्ग पर मुलाकात की है। इस दौरान विधायक ने अपनी विधानसभा में कराए जाने वाले कई कार्यों का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने करनैलगंज विधानसभा में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने की भी मांग की। विधायक अजय सिंह की प्रमुख मांग देवीपाटन मंडल में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉलेज को गोंडा मंडल मुख्यालय पर स्थापित करने की रही। उन्होंने बताया कि पूर्व में मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय स्थापित होना था, जो बलरामपुर चला गया, जिससे गोंडा की जनता में नाराजगी है। विधायक ने डोमाकल्पी गांव में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस संबंध में गोंडा के अधिकारियों से रिपोर्ट और प्रस्ताव मांगा है। विधायक का मानना है कि डोमाकल्पी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनने से गोंडा सहित आसपास के कई जिलों के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि डोमाकल्पी गांव में ही पहले मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ था और जमीन भी अधिग्रहित की गई थी। हालांकि बाद में इसे बलरामपुर स्थानांतरित कर दिया गया था जिस पर काफी विरोध हुआ था लोगों ने प्रदेश सरकार पर काफी आरोप लगाए थे। अब एक बार फिर गोंडा मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज की मांग जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि विश्वविद्यालय गोंडा में नहीं बना लेकिन स्पोर्ट्स कॉलेज गोंडा में बनना चाहिए। विधायक अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है और अधिकारियों से स्पोर्ट्स कॉलेज का प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उनके अनुसार, गोंडा में इसके बनने से पूरे मंडल के छात्रों को लाभ मिलेगा, क्योंकि यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/NmoREsz