भाजपा का आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान:25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा, रथयात्रा-पदयात्रा भी होगी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ की विस्तृत कार्ययोजना घोषित की है। यह अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें जिला स्तर पर रथयात्रा और पदयात्रा जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने मंगलवार को कुशीनगर में पत्रकारों को यह जानकारी दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष राय ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान देश के आर्थिक और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, नवाचार को प्रोत्साहन देना और भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत व स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। मंडल स्तर पर कार्यशालाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आर्थिक स्वावलंबन के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वाभिमान का भी हिस्सा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भाजपा की विस्तृत कार्ययोजना के अनुसार, अभियान की शुरुआत 25 सितंबर को हुई थी। इसके तहत प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं। 7 और 8 अक्टूबर को जिला स्तर पर प्रेसवार्ता आयोजित होंगी। इसके बाद, 16 से 30 अक्टूबर तक जिला स्तर पर युवा एवं महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 1 से 15 नवंबर तक जिला स्तर पर प्रोफेशनल सम्मेलन और कॉलेज स्तर पर स्वदेशी संकल्प सेमिनार होंगे। 16 से 30 नवंबर के बीच जिला स्तर पर स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मंडल स्तर पर युवा एवं महिला सम्मेलन भी होंगे। अभियान के अंतिम चरण में, 1 से 15 दिसंबर तक मंडल स्तर पर स्ट्रीट वेंडर, छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारीगरों के सम्मेलन आयोजित होंगे। अंत में, 1 से 25 दिसंबर तक जिला स्तर पर ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ’ और पदयात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिला उपाध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के जिला संयोजक अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी और जिला मीडिया प्रभारी विश्वरंजन कुमार आनन्द उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/QxoHE5N
Leave a Reply