बिहार, पंजाब, हरियाणा से लखनऊ पहुंचे BSP सपोर्टर:रमाबाई अंबेडकर पार्क में जुटे, बोले- बहनजी को 5वीं बार सीएम बनाने आए

‘रैली में शामिल होने के लिए हम आए हैं दलित वंचित पिछड़ों की आवाज बहन जी हैं। बहनजी जिंदा देवी हैं, हमारी उनमें आस्था और विश्वास है। बहनजी जो निर्देश देंगी उसका पालन होगा। बहनजी सर्वसमाज की नेता हैं। उन्होंने विरोधियों में खलबली मचा दी है। चंद्रशेखर कौन हैं? उन्हें कौन जानता है? वह बहुजन समाज के वेश में बहरूपिया हैं। युवाओं को बहकाने वाला चंद्रशेखर आजाद हमारा हितैषी नहीं है। दलितों का अगर कोई हितैषी है तो बहुजन समाज पार्टी और बहनजी। कई राज्यों में हमने देखा है कि चंद्रशेखर B-टीम की तरह काम करते हैं इसलिए हम उनके ऊपर भरोसा नहीं करते। वह बहुजन के सगे नहीं है। यूपी के दंगों में 50 से अधिक युवाओं पर NSA लग गया और चंद्रशेखर कुछ नहीं कर पाए। अब बहनजी को 5वीं बार सीएम बनाएंगे।’ यह कहना है लखनऊ में जुटे BSP के हजारों कार्यकर्ताओं का। ये पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के आह्वान पर लखनऊ में कई प्रांतों से पहुंचे हैं। पहले देखिए 3 तस्वीरें… स्टेशन पर बनाया गया हेल्पिंग बूथ देर रात चारबाग रेलवे स्टेशन पर हाथों में बीएसपी का झंडा लेकर जय जय जय भीम, बीएसपी जिंदाबाद का नारा लगाते हुए 5 , 10 और 20 लोगों का ग्रुप प्लेटफार्म से बाहर निकल रहा था। प्लेटफार्म के बाहर पार्किंग के पास बीएसपी कार्यकर्ताओं ने सहायता बूथ बनाया है। बीएसपी और मायावती के समर्थन में गीत बज रहे थे। स्टेशन पर उतरने वाला प्रत्येक व्यक्ति बूथ पर जाकर इंक्वायरी करता और रमाबाई अंबेडकर मैदान पहुंचना है पूरी जानकारी लेता। यह भीड़ है कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर बसपा सुप्रीमो के आह्वान के बाद लखनऊ आने वाले लोगों की। अब पढ़िए BSP सपोर्टर्स से बातचीत… चंद्रशेखर बहुरूपिया, बहनजी हमारी आवाज बक्सर बिहार से आए ललित ने कहा- बहनजी की आवाज को सुनने के लिए इतनी दूर से आए हैं। बहनजी अपने समर्थकों के साथ हैं। वह सर्वसमाज की आवाज हैं। बहुजन समाज पार्टी, पार्टी नहीं आंदोलन है। चंद्रशेखर आजाद बहुजन हितैषी नहीं हैं। जयभीम बोल देने से कुछ नहीं होता। बाबा साहेब और कांशीराम के बताए मार्गों पर चलना होता है। वह सिर्फ बहरूपिया हैं, जो बहुजन समाज को बर्गला रहे हैं। ‘बीएसपी में मुसलमानों का पूरा सम्मान’ सिर पर टोपी पहन कर गले में बीएसपी का पट्टा डाल के श्रावस्ती से आए सज्जाद ने कहा कि हम पूरी तरीके से बहन जी के समर्थक हैं। जो लोग कहते हैं कि बीएसपी सिर्फ दलितों की पार्टी है गलत बात है। बहन जी का नारा है सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय जो सबको साथ लेकर चलने वाली है। हमारा नारा है- ‘न्याय विकास और समान अधिकार, अबकी बार बहन जी की सरकार’। उत्तर प्रदेश में अधिकारियों का शासन चल रहा है। ये अधिकारी, विधायक या किसी भी नेता की नहीं सुनते हैं। बहनजी इन्हें लालकारेंगी। 5वीं बार बहनजी को मुख्यमंत्री बनाने जा रहे हैं। ‘1000 KM का सफर तय करके बहन जी को देखने आए’ चिंटू कुमार पंजाब से रैली में शामिल होने आए। उन्होंने बताया कि 1998 में बहन जी की रैली में आए थे उसके बाद अब आए हैं। 27 साल बाद 1000 किलोमीटर का सफर तय करके बहन जी को देखने के आए हैं। उनकी पिछली सरकार जो थी वह बहुत अच्छी थी। यूपी में हमारे खेत पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था जिसे बहनजी ने वापस दिलवा दिया। देश में तमाम नेताओं के बीच में हमें सिर्फ बहनजी पसंद हैं क्योंकि उन्होंने हमें न्याय दिलाया। यह बात सही है कि पिछले कई चुनाव से बीएसपी हार रही है मगर इस बार उसकी जीत 100 प्रतिशत तय है। ‘बहनजी के राज में राजा जेल में थे’ लखीमपुर से आए गौतम ने कहा कि बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने आए हैं। हम लोग काम धंधा छोड़कर आए हैं। हमें अपनी बहनजी पर गर्व है। बहनजी के समय में अधिकारी हमेशा उपलब्ध रहते थे। जो लोग कहते हैं कि बीएसपी में दम नहीं है यह सब झूठी बातें हैं। बहनजी किसी के सामने नहीं झुकी हैं, न झुकेंगी। बहनजी के कार्यकाल में जितना काम हुआ उतना कभी नहीं हो सकता उनके कार्यकाल में गुंडे माफिया कांपते थे। कुंडा के राजा उस समय जेल में थे। आज तो सिर्फ कहने की बात है कि गुंडे जेल में हैं। ‘बहनजी ने सबका विकास किया’ हरियाणा से आए देशराज ने कहा कि हम लोग बहुजन आंदोलन का हिस्सा बनने आए। यह महापुरुषों का आंदोलन है जिसे बहनजी आगे बढ़ा रही हैं। 700 किलोमीटर का सफर महापुरुषों के नाम पर तय किया है। जो लोग कहते हैं कि बहन की सक्रिय नहीं हैं वो गलत हैं। बहुजन समाज का कार्यकर्ता 365 दिन और 24 घंटे काम करता है। हम लोगों को बहनजी का शासनकाल याद आता है जब उन्होंने हर वर्ग के लिए काम किया। गरीब लोगों को पक्के मकान दिया रोजगार दिया। जिनके पास जमीन नहीं थी उन्हें जमीन दी। गुंडागर्दी करने वाले या तो जेल में थे या तो प्रदेश के बाहर। कानून के द्वारा कानून का राज स्थापित बहनजी ने किया था।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Le1NJfp