बाइक दुर्घटना में घायल मजदूर की लखनऊ में मौत:उन्नाव से दिल्ली जाने के लिए निकला था, ट्रेन छूटी तो बाइक से लौट रहा था

उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सोमवार को घायल हुए मजदूर की लखनऊ में मौत हो गई। मृतक की पहचान कायमपुर निबरवारा निवासी रामभजन (28) के रूप में हुई है। घटना 11 सितंबर की है। रामभजन दिल्ली में मजदूरी करता था। वह दिल्ली जाने के लिए निकला था। ट्रेन छूट जाने के कारण वह गांव वापस लौट रहा था। वह गांव के रामजी शर्मा और जितेंद्र के साथ बाइक पर सवार था। अजगैन-मुंशीगंज मार्ग पर बीरूगढ़ी गांव के पास सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में रामभजन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले मियागंज सीएचसी ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए। चार दिन के इलाज के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सरिता ने बताया कि उनका एक 6 माह का बेटा है। परिवार में मां नीलम भी हैं। रामभजन दो भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर