बलिया में बाइक सवारों ने युवक को गोली मारी:युवक गंभीर घायल, ट्रामा सेंटर में इलाज जारी

बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 5 बजे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। यह घटना सिंहाचवर खुर्द पेट्रोल पंप के पास हुई। गोली लगने से 18 वर्षीय सूरज पुत्र देवशरण रजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कंधे में गोली लगी है। घटना में सूरज के साथ मौजूद दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सिंहाचवर निवासी अशोक कुमार राजभर ने बताया कि वे सूरज और एक अन्य दोस्त के साथ पल्सर बाइक से चट्टी से लौट रहे थे। सिंहाचवर खुर्द पहुंचते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। अशोक के अनुसार, हमलावर चार-पांच लोग थे और उन्होंने दो राउंड फायरिंग की। अशोक ने बताया कि जब उन्होंने एक हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, तो दूसरे ने उनके सिर पर वार कर दिया। उन्होंने हमलावरों को पहचानने का दावा किया है। हालांकि, हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस संबंध में सीओ सदर/सिटी मोहम्मद उस्मान ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/UzxwIVm