बदायूं में सगाई से पहले युवती का सुसाइड:लड़के वाले दहेज की मांग बढ़ाते गए, फोन पर लड़के से झगड़े के बाद फांसी लगाई
बदायूं में दहेज विवाद के चलते एक युवती ने सगाई से कुछ दिन पहले आत्महत्या कर ली। हजरतपुर थाना क्षेत्र के कुडरा मझरा गांव में यह घटना हुई, जहां वर पक्ष द्वारा अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर विवाद बढ़ गया था। युवती ने अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। राजकुमार ने अपनी 18 वर्षीय बेटी नेहा की शादी मूसाझाग थाना क्षेत्र के उतरा गांव के वेद प्रकाश से तय की थी। शुरुआत में राजकुमार ने बेटी को बाइक देने की बात कही थी। दीपावली के पांच दिन बाद गोद भराई की रस्म होनी थी। इसी बीच, वर पक्ष ने दहेज में अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग रख दी, जिस पर राजकुमार और उनके भाई शेरपाल सिंह ने सहमति दे दी थी। रात में कमरे में लगाई फांसी
शादी तय होने के बाद नेहा और वेद प्रकाश के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई थी। रविवार को दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद नेहा ने अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के सदस्यों ने तत्काल हजरतपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मां ने फंदे से लटका देखा
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे नेहा के चाचा शेरपाल ने बताया कि नेहा का फोन काटने के बाद वेद प्रकाश ने उनकी पत्नी पूनम को नेहा के बारे में देखने को कहा था। जब पूनम ने देखा तो नेहा कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। शेरपाल ने बताया कि उनके भाई राजकुमार ने शादी में स्प्लेंडर बाइक देने की बात कही थी, लेकिन लड़का अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग कर रहा था। पुलिस ने फोन कब्जे में लिया
उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है और बताया कि नेहा का मोबाइल पुलिस के पास है। नेहा अपने दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। मामले के थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवती की मौत फंदे पर लटकने से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/8HYyNBM
Leave a Reply